ईद-उल-फितर से पहले मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में विशेष सफाई की मांग
जावेद खान कादरी ने सौंपा महापौर तेजवानी को ज्ञापन

अमरावती /दि.19 – मुस्लिम समाजबंधुओं के पवित्र त्योहार ईद-उल-फितर के आगमन को ध्यान में रखते हुए बडनेरा प्रभाग क्रमांक 22 के विभिन्न मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग उठाई गई है. यह मांग मन्नान खान फाउंडेशन के अध्यक्ष जावेद खान कादरी द्वारा की गई है. इस संबंध में अमरावती महानगर पालिका के महापौर श्रीचंद तेजवानी से विशेष निवेदन किया गया है कि ईद से पूर्व संबंधित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए.
निवेदन में बताया गया है कि मोमिनपुरा, रज़ा नगर, पोटरचाल, गौवलीपुरा, कुरैशी नगर, मिलचाल, इंद्रानगर एवं ढाबा पट्टी जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के नागरिक निवास करते हैं. ईद के अवसर पर यहां नमाज, सामाजिक मेल-मिलाप एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिसके मद्देनजर स्वच्छता व्यवस्था अत्यंत आवश्यक हो जाती है.
जावेद खान कादरी ने कहा कि त्योहार के दौरान साफ-सुथरा वातावरण न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे उत्सव का आनंद भी बढ़ता है. उन्होंने महानगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि इन क्षेत्रों में कचरा उठाव, नालियों की सफाई, सड़कों की धुलाई एवं फॉगिंग जैसी सेवाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं. साथ ही संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे इस मांग को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करें, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का अवसर मिल सके.





