महावितरण ने की 27 हजार ग्राहकों की विद्युत आपूर्ति खंडित
बकाया बिलों की वसूली हेतु तेज किया अभियान

अमरावती /दि.19 – विद्युत बिलों की बकाया राशि को शून्य पर लाने हेतु शुरु किए गए वसूल अभियान को महावितरण द्वारा और भी अधिक रफ्तार दी गई है. जिसके तहत बकाया विद्युत बिल भरने में सहयोग नहीं करनेवाले अमरावती परिमंडल के करीब 27 हजार बकाएदार विद्युत उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति को खंडित कर दिया गया है. उक्ताशय की जानकारी देते हुए महावितरण के मुख्य अभियंता अशोक सालुंके ने ऐसी कार्रवाई को टालने हेतु सभी बकाएदार उपभोक्ताओं से अपने बकाया विद्युत बिलों का भुगतान तुरंत करने का आवाहन किया है.
इस संदर्भ में दी गई जानकारी के मुताबिक अमरावती परिमंडल ने घरेलू, व्यवसायिक, औद्योगिक व अन्य लघु दाब वर्गवारी वाले कुल 3 लाख 17 हजार 921 ग्राहकों की ओर करीब 714 करोड 5 लाख रुपयों का बकाया है. जिसमें अमरावती जिले के 1 लाख 52 हजार 115 ग्राहकों की ओर 266 करोड 79 लाख तथा यवतमाल जिले के 1 लाख 65 हजार 806 ग्राहकों की ओर 447 करोड 26 लाख रुपए बकाया है. ऐसे में महावितरण के अस्तित्व को बचाए रखने हेतु बकाया विद्युत बिलों की वसूली अत्यावश्यक रहने के चलते विगत जनवरी माह से विशेष अभियान चलाया जा रहा है. जिसके तहत मुख्य अभियंता अशोक सालुंके के मार्गदर्शन तले अधीक्षक अभियंता, कार्यकारी अभियंता, उपविभागीय व शाखा अभियंता तथा तांत्रिक विद्युत कर्मियों द्वारा ग्राहकों से प्रत्यक्ष संपर्क साधते हुए वसूली के लिए प्रयास किए जा रहे है.
महावितरण द्वारा धडक कार्रवाई करते हुए 34 करोड 49 लाख रुपयों की बकाया वसूली के लिए 26 हजार 951 विद्युत उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति को खंडित किया गया है. इसमें अमरावती जिले के 10 हजार 350 ग्राहकों की ओर 11 करोड 71 लाख रुपए तथा यवतमाल जिले के 16 हजार 641 ग्राहकों की ओर 23 करोड 78 लाख रुपए बकाया थे.
* सामूहिक कार्रवाई को गति
इस समय जारी आर्थिक वर्ष के खत्म होने में महज कुछ ही दिन शेष बचे है. जिसके चलते वसूली अभियान को प्रतिसाद नहीं देनेवाले क्षेत्रों में सामूहिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. जहां पर आवश्यकता के अनुसार पुलिस महकमे की सहायता भी ली जाएगी. इस कार्रवाई के दौरान बकाएदारों के विद्युत मीटर ही निकाल लिए जा रहे है.
* अवकाश वाले दिन भी विद्युत बिल संकलन केंद्र रहेंगे शुरु
ग्राहकों की सुविधा के लिहाज से अवकाश वाले दिनों पर भी वसूली अभियान को शुरु रखा जा रहा है. साथ ही महावितरण के विद्युत बिल संकलन केंद्र तथा ऑनलाइन बिल अदा करने की सुविधा को भी उपलब्ध कराया गया है. जिसके चलते बकाएदार ग्राहकों द्वारा अपने विद्युत बिलों की बकाया राशि को अदा करते हुए संभावित असुविधा को टाला जा सकता है.





