अमरावती के चार टेबल टेनिस खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
23 मार्च से गुजरात के गांधीधाम में होगी राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा

अमरावती/दि.20 – अमरावती शहर के लिए गर्व की बात है कि शहर के चार युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों – हनिष बोहरा, आदित्य अंडे, मयंक कुमरे और अथर्व उगवेकर – का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है. ये खिलाड़ी 23 मार्च से गुजरात के गांधीधाम में आयोजित अंडर-13 एवं अंडर-15 राष्ट्रीय अजिंक्यपद टेबल टेनिस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करेंगे.
यह उपलब्धि जगप्रसिद्ध श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल के पद्मश्री प्रभाकरराव वैद्य, सहसंचालक क्रीड़ा शेखर पाटील तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी गणेश जाधव के आशीर्वाद से संभव हुई है. अमरावती जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष प्रदीप काले, बकुल कक्कड एवं शरद कासट के मार्गदर्शन में संचालित प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी लगातार विदर्भ और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. यह प्रतियोगिता टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव तथा महाराष्ट्र टेबल टेनिस संघ के सचिव यतीन टिपणीस के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है. इन खिलाड़ियों के साथ अमरावती एम.एस.ई.बी. कार्यालय में कार्यरत और टेबल टेनिस खिलाड़ी गजानन आंडे टीम मैनेजर के रूप में गुजरात जाएंगे.
चारों खिलाड़ी प्रशिक्षक एच. ए. खान, एनआईएस व लेवल-1 कोच शहजाद खान, संजय सस्तकर और राजू सर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं. खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय प्रभाकरराव वैद्य, प्रदीप काले, बकुल कक्कड, शहजाद खान, वीरेंद्र बोहरा और रमेश परदेशी को दिया है. साथ ही रमेश परदेशी, संदीप किल्लेकर तथा अभिभावकों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं. यह टीम 20 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे बडनेरा रेलवे स्टेशन से गांधीधाम के लिए रवाना होगी.





