अमरावती के केएल कॉलेज में अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन
महापौर श्रीचंद तेजवानी, उपमहापौर सचिन भेंडे और पार्षद दिनेश बुब रहे उपस्थित

अमरावती/दि.21 – शहर के शैक्षणिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में श्रीमती केशरबाई लाहोटी महाविद्यालय में नव-निर्मित अत्याधुनिक कंप्यूटर प्रयोगशाला का उद्घाटन बुधवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री गणेशदास राठी छात्रालय समिति के अध्यक्ष श्री वसंतकुमार मालपाणी ने की. अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने आधुनिक शिक्षा में तकनीक के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से कंप्यूटर कौशल विकसित करने का आह्वान किया. इस अवसर पर अमरावती के महापौर श्रीचंद तेजवानी के हस्ते विधिवत कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया गया. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान आवश्यक बन गया है और इस प्रयोगशाला से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक सीखने का बेहतर अवसर मिलेगा.
कार्यक्रम में उपमहापौर सचिन भेंडे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं डिजिटल अंतर को कम करने में सहायक होती हैं. वहीं संस्था के सचिव डॉ. गोविंद लाहोटी ने महाविद्यालय की प्रगति का उल्लेख करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु नए उपक्रम शुरू करने की बात कही.विशेष अतिथि के रूप में पूर्व महापौर एवं नगरसेवक विलास इंगोले भी उपस्थित रहे. उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का सकारात्मक उपयोग कर समाज के विकास में योगदान देने की अपील की.
उद्घाटन के पश्चात मान्यवरों ने प्रयोगशाला का निरीक्षण किया. इस लैब में आधुनिक कंप्यूटर, इंटरनेट सुविधा और अद्यतन सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा. कार्यक्रम में अध्यक्ष वसंतकुमार मालपाणी, महापौर श्रीचंद तेजवानी, उपमहापौर सचिन भेंडे, पूर्व महापौर विलास इंगोले सहित अन्य मान्यवरों का सत्कार किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. वी. एल. भांगडिया के प्रास्ताविक से हुई, जिसमें उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया.
कार्यक्रम का संचालन प्रभावी ढंग से किया गया तथा आभार प्रदर्शन के साथ समापन हुआ. नई कंप्यूटर प्रयोगशाला के माध्यम से महाविद्यालय ने आधुनिक शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है.





