वस्तुनिष्ठ अर्थसंकल्प के प्रयास – अविनाश मार्डीकर
नगरसेवकों का फंड 10 लाख से बढाकर 30 लाख किया गया!

* मनपा में बजट पर स्थायी की मैराथॉन बैठक जारी
* शहर विकास को गति देने वाले प्रोजेक्ट प्राथमिकता से
अमरावती/दि.24 – महापालिका की स्थायी समिति ने आज सभापति अविनाश मार्डीकर की अध्यक्षता में अर्थसंकल्प पर विचार विनिमय प्रारंभ किया. समाचार लिखे जाने तक यह मैराथॉन चर्चा शुरु थी. सूत्रों ने अमरावती मंडल को बताया कि, प्रशासन द्वारा सभी नगरसेवकों को दिये जाने वाले विशेष फंड का प्रशासन ने 10 लाख का प्रावधान किया था. उसे 50 लाख तक बढाने की मांग सभापति मार्डीकर ने आज की सभा में रखी थी. अंतत: चर्चा के बाद यह फंड 30 लाख रुपए किये जाने पर सहमति बन जाने की खबर है. मनपा के 92 पार्षदों को वार्ड विकास के लिए 30-30 लाख रुपए प्रतिवर्ष विशेष निधि के रुप में प्राप्त होने का मार्ग इस निर्णय से प्रशस्त हो गया.
उल्लेखनीय है कि, मनपा प्रशासन ने गत 18 मार्च को वर्ष 2026-27 का अर्थसंकल्प प्रारुप स्थायी समिति को विचारार्थ सौंप दिया है. स्थायी समिति के अध्यक्ष अविनाश मार्डीकर को 843 करोड 74 लाख के बजट का प्रारुप आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने सौंपा था. इस समय सभापति मार्डीकर ने कहा कि, बजट पर समिति में साधक-बाधक चर्चा होगी और शहर विकास के प्रकल्प ध्यान में रखकर, तेजी से साकार करने की दृष्टि से बजट में प्रावधान रहेंगे. उसी प्रकार नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर और तत्परता से उपलब्ध करवाने पर जोर रहेंगा. स्थायी समिति में चर्चा पश्चात बजट प्रावधान फाइनल होंगे और मनपा आमसभा में इसे रखा जाएगा.
* 437 करोड की राजस्व आमदनी
महापालिका को 437 करोड की राजस्व आमदनी होने का अनुमान प्रस्तावित बजट में किया गया है. उसी प्रकार निवेश से आमदनी करीब 406 करोड बतायी गई है. कुल 843 करोड 74 लाख 1603 का बजट है.
* सदस्यों के अनेक सुझाव, जारी रही चर्चा
स्थायी समिति की सबेरे 11 बजे से शुरु हुई बजट सभा दोपहर तक जारी थी. सभी 16 सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने बजट को लेकर अपने सुझाव रखे. सर्वाधिक मांग नगरसेवकों के स्वेच्छिक फंड के संदर्भ में रखी गई. जिसे व्यापक विचार विनिमय और सभी सदस्यों की राय एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आखिर बढाने का निर्णय किया गया. अन्य कई प्रोजेक्ट पर भी बजट पर चर्चा में विमर्श होने की जानकारी दी गई.
* वस्तुनिष्ठ अर्थसंकल्प देंगे
मनपा स्थायी सभापति अविनाश मार्डीकर ने अमरावती मंडल से बातचीत में बताया कि, आज की बजट संदर्भ सभा हुई. मनपा का वस्तुनिष्ठ अर्थसंकल्प देने का मानस उन्होंने व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि, शहर विकास को गति देने वाले सभी प्रोजेक्ट मंजूर किये जाएंगे. उन्होंने कहा कि, स्थायी समिति के सभी सदस्यों की राय का बजट में शुमार किया जा रहा है. निश्चित ही अमरावती के हित में मनपा का अर्थसंकल्प रहेगा. उल्लेखनीय है कि स्थायी समिति द्वारा संशोधनों के साथ पारित अर्थ संकल्प 27 मार्च की आमसभा में रखा जाना है.
* प्रत्येक प्रभाग को 1 करोड 20 लाख का फंड
प्रशासन ने नगरसेवकों को स्वेच्छिक निधि में 10-10 लाख दिये जाने का प्रावधान बजट में किया था. आज स्थायी समिति की सभा में इसे बढाकर 30-30 लाख रुपए किये जाने पर मुहर लग जाने से निश्चित ही चार-चार नगरसेवकों वाले प्रभाग को 1 करोड 20 लाख की विकास निधि अतिरिक्त मिलेगी. नगरसेवक अपने क्षेत्र में मनचाहे विकास कार्य इस फंड से करवा सकते हैं.





