विदर्भ पर्यटन विकास पर विधान मंडल में चर्चा
मेलघाट को ताडोबा समान गतिमान करें

* विधायक रवि राणा की मांग, रोजगारों के बढेंगे अवसर
अमरावती/दि.24 – जिले के मेलघाट बाघ प्रकल्प को चंद्रपुर के ताडोबा समान सुविधाएं देने और गतिमान करने की मांग विधायक रवि राणा ने आज विधानसभा में की. उन्होंने दावा किया कि, मेलघाट में निसर्गरम्य और वनसंपदा, जैवविविधता भरपूर होने से यहां आने वाले टूरिस्ट बार-बार आएंगे और भरपूर प्रमाण में रोजगार भी बढेंगे. सरकार को केवल थोडी सुविधाएं बढाने की जरुरत है. उनके प्रश्नों और मुद्दों का पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल ने सकारात्मक प्रतिसाद दिया और कहा कि, शासन सभी प्रकार की पर्यटक सुविधाएं देने के लिए तत्पर रहेगा. निश्चित ही देश के पर्यटन नक्शे में विदर्भ खासकर अमरावती को महत्व मिलेगा.
* सुरक्षित सडके, निवास व्यवस्था
विधायक राणा ने सदन का ध्यान मेलघाट बाघ प्रकल्प और घनघोर जंगल की ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि, अच्छी सडकें, पर्यटन निवास व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं विकसित करने पर मेलघाट बहुत बढिया टूरिस्ट स्पॉट बन सकता है. ताडोबा जैसा विकास यहां नितांत आवश्यक है. प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा ताडोबा की प्रशंसा की जाती है. मेलघाट भी इसी रुप में विकसित किये जाने पर सैलानियों को बडा लुभाएगा और भाएगा. भारत के नक्शे में मेलघाट बडे पर्यटन स्थल के रुप में सभी को आकर्षित करने की क्षमता रखता है. यहां का चिखलदरा हिल स्टेशन पहले ही प्रसिद्ध है.
* खापर्डे वाडा में वस्तु संग्रह बनायें
विधायक रवि राणा ने अमरावती जिले की अनेक विशेषताओं का उल्लेख कर संत-महात्माओं की भूमि रहने का जीक्र किया. प्रस्तावित भव्य गौतम बुद्ध मूर्ति के साथ ही संत गाडगे बाबा समाधी मंदिर, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज समाधी स्थल, रिद्धपुर का प्रचार करने पर यहां धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिल सकता है. संत गजानन महाराज से संबंधित ेऐतिहासिक खापर्डेवाडा में वस्तु संग्रहालय बनाने पर धार्मिक-ऐतिहासिक पर्यटन के रुप में अमरावती शहर को पहचान मिलने की बात उन्होंने अधोरेखित की.
* अमरावती पुलिस की प्रशंसा
विधायक राणा ने मेफेड्रॉन जैसे नशीलें पदार्थों के तस्करों और सप्लायरों पर अमरावती पुलिस द्वारा की जा रही जोरदार कार्रवाई के लिए सीपी राकेश ओला और अपराध शाखा पथक का खास उल्लेख और प्रसंशा की. उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इसके लिए अभिनंदन के पात्र है. सीएम गृह विभाग भी संभाल रहे हैं. अमरावती में युवाओं को व्यसनमुक्त रखने के लिए ऐसे ही प्रयासों की आवश्यकता थी.





