अमरावती में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत
13 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधा उपलब्ध

* विलास नगर केंद्र से हुआ शुभारंभ, बालिकाओं के स्वास्थ्य को लेकर जनजागरण
अमरावती/दि.25 – अमरावती मनपा के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के लिए शहर में व्यापक एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है. इस अभियान के तहत शहर के कुल 13 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. अभियान का शुभारंभ विलास नगर शहरी स्वास्थ्य केंद्र में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया.
कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर श्रीचंद तेजवानी, नगरसेवक संजय नरवणे तथा समाजसेवक कौशिक अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ. इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में बताया गया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है. विशेषज्ञों के अनुसार 14 से 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए यह टीका अत्यंत महत्वपूर्ण है. अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखें. मनपा के वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काळे के मार्गदर्शन में विलास नगर केंद्र के डॉ. मनिष ठाकरे और डॉ. संतोष तोटे ने उपस्थित अभिभावकों को टीके के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कैंसर जैसे गंभीर रोग की रोकथाम अब संभव है और इसके लिए एचपीवी टीकाकरण एक मजबूत सुरक्षा कवच है. इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी, आशा स्वयंसेविकाएं और अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. स्थानीय अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इस अभियान को सकारात्मक प्रतिसाद दिया. मनपा के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने सभी पात्र बालिकाओं के अभिभावकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर अपनी बेटियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य प्रदान करें.





