राधा कुरील शहर सुधार, स्नेहा लुल्ला विधि, प्रीति रेवने शिक्षा और ममता आवारे महिला व बालकल्याण सभापति

कलेक्टर आशीष येरेकर की अध्यक्षता में निर्विरोध चुनाव

– अमरावती मनपा विषय समितियों पर महिला राज
– सत्तारूढ चारों दलों को अवसर
अमरावती/दि.27 – महापालिका के चारों विषय समिति के सभापतियों का चयन आज दोपहर जिलाधीश आशीष येरेकर की अध्यक्षता में किया गया. स्वाभाविक रुप से चारों ही समितियों में महिला राज रहा. उसी प्रकार निर्विरोध हुए सभापति-उपसभापति चुनाव में मनपा में सत्ताधीश चारों दलों भाजपा, शिवसेना, राष्ट्रवादी और युवा स्वाभिमान को एक-एक सभापति पद प्राप्त हुआ. बीजेपी के राधा कुरील शहर सुधार समिति की सभापति निर्वाचित हुई. उनके साथ युवा स्वाभिमान की सुमति ढोके को उपसभापति चुना गया.
मनपा के सुदामकाका देशमुख सभागार में आज दोपहर हुई विषय समितियों की बैठक की अध्यक्षता निर्वाचन अधिकारी के रुप में जिलाधीश आशीष येरेकर ने की. उससे ठीक पहले नामांकन प्रक्रिया की गई. चारों ही समिति शहर सुधार, विधि, महिला व बालकल्याण और शिक्षा में सभापति और उपसभापति के लिए एक-एक ही नामांकन आने से कलेक्टर ने निर्विरोध चयन की घोषणा कर दी. 9-9 सदस्यीय समितियों में सत्तारुढ महायुति का वर्चस्व होने से उनके पार्षदों को अवसर मिला. सभी समितियों पर महिला राज का कदाचित यह पहला अवसर बताया गया.
* इस प्रकार हैं सभापति-उपसभापति
– शहर सुधार समिति में राधा कुरील सभापति, सुमति ढोके उपसभापति
– विधि समिति में स्नेहा लुल्ला सभापति, डॉ. मधुरा कहाले उपसभापति
– शिक्षा समिति में एड. प्रीति रेवणे सभापति, वंदना मडघे उपसभापति
– महिला व बाल कल्याण में ममता आवारे सभापति, लता देशमुख उपसभापति
* हर्षे नाराज, नहीं पहुंची बैठक में
विषय समितियों के आज होने वाले चुनाव से भाजपा की लवीना हर्षे ने अपने आपको दूर रखा. जिससे उनके नाराज होने की चर्चा शुरु हुई. लवीना हर्षे से संपर्क नहीं हो पाया. वहीं पार्टी सूत्रों ने बताया कि, इस प्रकार राजी-नाराजी हो सकती है. वे आगामी सभी बैठक, सभाओं में बराबर उपस्थित रहेगी.
* सोमवार को बजट
महापालिका का बजट सोमवार 30 मार्च को आमसभा में प्रस्तुत किये जाने की जानकारी सूत्रों ने दी. मनपा अधिकारियों ने बताया कि, स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर सदन में अर्थसंकल्प प्रस्तुत करेंगे. गत 24 मार्च को स्थायी समिति में बजट पर व्यापक, मैराथन चर्चा होने के साथ उसमें अनेक हेड में आवंटन बढाया गया है. स्थायी समिति में मंजूर बजट सोमवार को रखा जाएगा.

Back to top button