पिस्तौल दिखाते समय हुआ हादसा, मिसफायर से युवक की मौत

जलगांव/दि.28 – जिले के अमलनेर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पिस्तौल के बारे में जानकारी देते समय अचानक हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, अमलेश्वर नगर निवासी अरुण महाजन (35) शुक्रवार रात अपने दोस्तों के साथ मालीवाड़ा इलाके में बैठे थे. इसी दौरान उनका मित्र भूषण महाजन अपने पास मौजूद देशी पिस्तौल (कट्टा) के बारे में जानकारी दे रहा था. पिस्तौल को संभालते समय अचानक मिसफायर हो गया और गोली सीधे अरुण महाजन की छाती में जा लगी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. घटना के बाद साथियों ने उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. अमलनेर पुलिस ने आरोपी भूषण महाजन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. जिसके तहत पता लगाया जा रहा है कि, उक्त अवैध पिस्तौल आरोपी के पास कैसे पहुंची, क्या घटना के पहले कोई विवाद हुआ था, या यह पूरी तरह लापरवाही का मामला है. जानकारी के मुताबिक प्राथमिक तौर पर यह घटना दुर्घटना लग रही है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. इस हादसे ने एक बार फिर अवैध हथियारों और लापरवाही के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है.

Back to top button