समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं वसुधाताई देशमुख

वरिष्ठ नेत्री वसुधा देशमुख का जीवन गौरव समारोह में बोले जयंत पाटिल

* सांस्कृतिक भवन में भव्य कार्यक्रम, पहुंचे कई बडे लीडरान
* पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की भी उपस्थिति
अमरावती/दि.28 – समाज के लिए कार्य करने की भावना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान होती है. जीवन में मिली अवसरों का उपयोग केवल स्वयं के लिए नहीं बल्कि समाज के हित में करना चाहिए. इसी विचारधारा के साथ पूर्व मंत्री वसुधाताई देशमुख ने अपने पूरे जीवन को समाजसेवा के लिए समर्पित किया है. जिला परिषद सदस्य से लेकर राज्यमंत्री तक के अपने लंबे राजनीतिक कार्यकाल में उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं. एक जननेता और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में वसुधाताई देशमुख समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रही हैं. यह विचार महाराष्ट्र के पूर्व वित्त मंत्री जयंत पाटिल ने व्यक्त किए.
वे शनिवार को अमरावती के संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में आयोजित पूर्व मंत्री वसुधाताई देशमुख के जीवन गौरव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने की. कार्यक्रम में मार्गदर्शक के रूप में भैयासाहेब पुसदेकर, पूर्व मंत्री अनिल देशमुख, सांसद बलवंत वानखडे, सांसद अनिल बोंडे, विधायक संजय खोडके, विधायक सुलभा खोडके, मनपा महापौर श्रीचंद तेजवानी, विपक्ष नेता विलास इंगोले, पूर्व नगराध्यक्ष गणेश राय, पूर्व विधायक नरेशचंद्र ठाकरे सहित अनेक मान्यवर उपस्थित थे.पीपल्स वेलफेयर सोसायटी तथा श्री संत गुणवंत बाबा विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय, तलेगांव मोहना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई.
उपरान्त सभी अतिथियों की उपस्थिति में पूर्व पालकमंत्री वसुधाताई देशमुख का शाल, श्रीफल और स्मृतिचिन्ह देकर जीवन गौरव सम्मान किया गया. इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने अपने संबोधन में कहा कि वसुधाताई देशमुख का राजनीतिक सफर केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा दिखाई देती है. उन्होंने महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही गढ़-किलों, देवस्थानों और अपने मतदाता क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
* नई पीढी को दिशा देने का काम
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि बदलते समय के साथ राजनीति का स्वरूप बदल रहा है, लेकिन कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं जो नई पीढ़ी को दिशा देने का कार्य करते हैं. वसुधाताई देशमुख का जीवन और कार्य समाज तथा राजनीति दोनों क्षेत्रों के लिए प्रेरणादायी है. संचालन शिप्रा मानकर ने किया, जबकि सम्मान पत्र का वाचन डॉ. किशोर फुले ने किया. समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक, कार्यकर्ता तथा शिक्षण क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित थे. उनमें हरिभाउ मोहोड, राजेंद्र महल्ले, गणेश खारकर, गणेश राय और राष्ट्रवादी कांग्रेस शरद पवार के कई बडे नेता पदाधिकारी उपस्थित थे. इसी प्रकार पीपल्स वेलफेअर सोसायटी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे.

Back to top button