शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

फ्रेजरपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 दोपहिया वाहन बरामद

अमरावती /दि.30 फ्रेजरपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 4 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं. बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई से शहर में हुई कई वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन शामराव वानखडे (42, फ्रेजरपुरा) के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, राजेंद्र हरीश्चंद्र चौधरी (58, शामनगर) ने अपनी काले रंग की होंडा प्लेजर मोपेड चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 23 मार्च की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी गाड़ी घर के सामने खड़ी की थी, जो अगले दिन सुबह गायब दिखी. शिकायत के बाद फ्रेजरपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की वारदात कबूल कर ली और शहर के अन्य क्षेत्रों में भी चोरी करने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल 4 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक कुख्यात और रिकॉर्ड पर दर्ज अपराधी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में की गई. टीम में पुलिस निरीक्षक रोशन शिरसाट, नीलेश गवांडे, उपनिरीक्षक राहुल महाजन सहित अन्य पुलिस कर्मियों का समावेश रहा. पुलिस आगे की जांच कर रही है और आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ जारी है.

Back to top button