पुलिस को देखते ही कैफे पर ताला लगाकर भागा कैफे मालिक
कैफे के भीतर फंसा रह गया था एक युगल

अमरावती/दि.30 – आज दोपहर गाडगे नगर थाना क्षेत्र में एएचटीयू एवं महिला सेल सहित शहर पुलिस के दामिनी पथक द्वारा लगाई जा रही गश्त को देखते ही एक कैफे संचालक अपने प्रतिष्ठान पर ताला लगाकर वहां से भाग निकला. लेकिन इस समय हडबडी के चलते वह यह भूल गया कि, कैफे के भीतर एक युवक और युवती भी बैठे है. जो ताला लगे प्रतिष्ठान के भीतर बंद हो गए. कैफे के अचानक बंद होते ही उक्त युवक-युवती मदद के लिए चिल्लाने लगे, जिनकी आवाज सुनकर महिला सेल की मुखिया पीआई दीप्ती ब्राह्मणे तुरंत ही फ्रोजन डिलाईट नामक उस कैफे के पास पहुंची. जिसके बाद जैसे-तैसे भीतर बंद रहनेवाले उस युगल को सकुशल बाहर निकाला गया.
बता दें कि, इन दिनों शहर पुलिस के एएचटीयू, महिला सेल व दामिनी पथक द्वारा शहर में स्थित सभी कैफे की जमकर जांच-पडताल की जा रही है और कुछ स्थानों पर कैफे की आड में अवैध व्यवसाय चलने की बात उजागर भी हुई है. जिसके चलते शहर के सभी कैफे संचालकों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर अच्छा-खासा हडकंप व्याप्त है.





