एसआईआर मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रशासन से साधा संवाद

मतदाता सूची में गड़बड़ी पर जताई चिंता, जल्द समाधान की मांग

अमरावती/दि.30 – शहर में मतदाता सूची से जुड़े एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के मुद्दे को लेकर अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने उपविभागीय अधिकारी अनिल भटकर से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की.
इस समय प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई नागरिकों के पास एम.टी. सीरीज के चुनाव पहचान पत्र होने के बावजूद उनका नाम वर्ष 2004 की मतदाता सूची में नहीं दिख रहा है. इसके अलावा, कुछ ऐसे मतदाता भी हैं जिन्होंने वर्ष 2024 में मतदान किया था, लेकिन अब सिस्टम उनके वोटर कार्ड को स्वीकार नहीं कर रहा है, जिससे योग्य नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस पर उपविभागीय अधिकारी अनिल भटकर ने स्पष्ट किया कि ऐसे पात्र मतदाताओं को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने सुझाव दिया कि सभी आवश्यक दस्तावेज संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के पास जमा करें. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनका एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण कर दी जाएगी.
बैठक में कांग्रेस कमेटी ने यह भी मांग उठाई कि जिन बीएलओ के पास 1500 से अधिक मतदाता हैं, उन्हें अतिरिक्त सहायक बीएलओ उपलब्ध कराया जाए, ताकि कार्य में गति लाई जा सके. साथ ही, जो बीएलओ अपने कर्तव्यों का सही निर्वहन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने की मांग भी की गई. कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन से इस पूरे मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए योग्य मतदाताओं को राहत देने की मांग की है, ताकि किसी भी नागरिक का मतदान का अधिकार प्रभावित न हो.

Back to top button