प्यास बुझाने के लिए तीन शावकों को पीठ पर लेकर 3 किमी चली मादा भालू
सोशल मीडिया पर हो रहा है ममता और संघर्ष का अनोखा व भावुक दृश्य

* मेलघाट के जंगल में गंभीर जलसंकट के संकेत
अमरावती/ दि.31 – मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प अंतर्गत हरिसाल से बोरी वन क्षेत्र परिसर में तीन शावकों को पानी की तलाश में मादा भालू तीन किलोमीटर पैदल चलने का दृश्य कैमरे में कैद हुआ. यह दृश्य न सिर्फ ममता का प्रतीक बना, बल्कि जंगल में बढती जल किल्लत की और भी इशारा कर रहा है.
इस खास पल को एक पर्यटक ने रविवार को अपने कैमरे में कैद किया. जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह घटना जंगल में पानी की गंभीर कमी का संकेत है. यदि समय रहते जलस्त्रोतों का संरक्षण और प्रबंधन नहीं किया गया तो वन्यजीवों के लिए हालत और भी कठिन हो सकती है. जंगल सफारी मार्ग पर देखा गया यह दुर्लभ नजारा उस समय सामने आया. जब भीषण गर्मी के चलते जलस्त्रोत सूखते जा रहे है. ऐसे में वन्य जीवों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड रही है. मादा भालू अपने शावकों को सुरक्षित रखते हुए उन्हे पीठ पर बैठाकर आगे बढती रही.
गर्मी और प्यास के बीच भी उसने अपने शावकों को खुद से अलग नहीं होने दिया. बल्कि उन्हें पीठ पर बैठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास किया. इस पूरे घटनाक्रम में मां की ममता और अपने बच्चों के प्रति उसके संरक्षण भाव का अद्भूत उदाहरण पेश किया. जंगल में जीवित रहने के संघर्ष के बीच यह दृश्य बेहद भावुक और प्रेरणादायक माना जा रहा है.





