जिलाधीश येरेकर का तिवसा में ‘गांव मुकाम
ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, समस्याएं सुनीं

* मौके पर दिए समाधान के निर्देश; योजनाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा
अमरावती/ दि. 12 – प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने तिवसा तहसील का दौरा कर ‘गांवभेट एवं गांव मुकाम’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों और किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया. दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों, कृषि आधारित उद्योगों तथा सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
* सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण परियोजनाओं का किया निरीक्षण
दौरे के पहले दिन 11 जून को जिलाधिकारी येरेकर ने शिवणगांव में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग योजना के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने निलेश कुरवाडे के ‘अर्क आइसक्रीम यूनिट’ तथा स्वाती डोलस के ‘हल्दी पाउडर प्रकल्प’ का दौरा कर उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली और उद्यमियों से विस्तार से चर्चा की. इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए.
* धान्य गोदाम और ज्वार खरीदी केंद्र का लिया जायजा
जिलाधिकारी येरेकर ने तिवसा में नव निर्मित शासकीय धान्य गोदाम का निरीक्षण किया तथा डॉ. पंजाबराव देशमुख खरीदी-विक्री संघ द्वारा संचालित ज्वार खरीदी प्रक्रिया की समीक्षा की. उन्होंने किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और खरीदी व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
* विभागीय समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
तिवसा तहसील कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी येरेकर ने विभिन्न विभागों के कार्यों का आकलन किया. उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
* राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की समाधि पर पहुंचे
दौरे के दौरान जिलाधिकारी येरेकर ने गुरुदेवनगर स्थित राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की समाधि के दर्शन किए और सामूहिक प्रार्थना में सहभागिता की. इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित जनार्दन बोथे गुरुजी का प्रशासन की ओर से शाल एवं श्रीफल देकर सम्मान भी किया गया.
* झेंडा चौक में ग्रामीणों से खुली चर्चा
सायंकाल मोझरी गांव के झेंडा चौक में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय नागरिकों से सीधे बातचीत की. उन्होंने लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने रात का मुकाम भी मोझरी गांव में ही किया.
* विकास कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण
दौरे के दूसरे दिन जिलाधिकारी ने मोझरी विकास आराखड़ा के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. इसके बाद तिवसा नगर पंचायत के घनकचरा प्रबंधन डेपो का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने उपजिला अस्पताल तिवसा में स्वच्छता व्यवस्था, कर्मचारियों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए. साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा नवीनीकृत ग्राम महसूल अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली का जायजा लिया.
* प्रशासन के प्रति बढ़ा विश्वास
इस अवसर पर उपविभागीय अधिकारी दादासाहेब दराडे, तहसीलदार मयूर कलसे, गट विकास अधिकारी अभिषेक कासोदे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे. जिलाधिकारी आशीष येरेकर के इस संवेदनशील, जनसंपर्क आधारित और लोकाभिमुख दौरे को नागरिकों ने सकारात्मक रूप से लिया है. ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों के सीधे गांव में पहुंचकर समस्याएं सुनने से प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी.





