अमरावती के औद्योगिक संगठनों के साथ महावितरण संचालक की अहम बैठक

गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति पर मंथन

एमआईडीसी के लिए दो वैकल्पिक स्रोत, 150 नए ट्रांसफार्मर मंजूर
अमरावती /दि.2- जिले के आर्थिक और औद्योगिक विकास में उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उद्योगों को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध और पूर्ण क्षमता के साथ बिजली उपलब्ध कराने के लिए महावितरण प्रतिबद्ध है. औद्योगिक ग्राहकों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के साथ भविष्य में बढ़ने वाली औद्योगिक मांग को पूरा करने के लिए ठोस नियोजन किया जाएगा. यह जानकारी महावितरण के निदेशक (संचालन) धनंजय औंढेकर ने दी.
विद्युत भवन, अमरावती में मंगलवार, 29 सितंबर को विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ महावितरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति, फीडर और उपकेंद्रों की क्षमता, वोल्टेज की गुणवत्ता, नए बिजली कनेक्शन तथा भविष्य में बढ़ने वाली बिजली की मांग पर विस्तार से चर्चा हुई.
बैठक में महावितरण के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके, महापारेषण के मुख्य अभियंता संजीव भोळे, महावितरण के अधीक्षण अभियंता दीपक देवहाते, रुपेश टेंभुर्णे, अनिल काले, सातुर्णा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष वीरेंद्र लड्ढा, अमरावती औद्योगिक क्षेत्र के आशिष सावजी, नांदगांव पेठ औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष अफाक सुबेदार, अमरावती टेक्सटाइल्स मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के सुरेंद्र पाटील सहित अनेक उद्यमी और औद्योगिक ग्राहक उपस्थित थे.
* अमरावती एमआईडीसी को मिलेगा दोहरा बिजली बैकअप
धनंजय औंढेकर ने बताया कि अमरावती एमआईडीसी के लिए 5 किलोमीटर लंबी 33 केवी भूमिगत केबल लाइन बिछाकर 220 केवी अमरावती उपकेंद्र से बैकफीडिंग की सक्षम वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की गई है. इस लाइन का काम पूरा हो चुका है और इसे जल्द ही कार्यान्वित किया जाएगा. इस व्यवस्था के शुरू होने के बाद अमरावती एमआईडीसी को 220 केवी कोंडेश्वर उपकेंद्र के साथ ही 220 केवी अमरावती उपकेंद्र का भी वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध होगा. इससे बिजली आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को कम करने और औद्योगिक क्षेत्र को अधिक भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
* नांदगांव पेठ का ओवरलोड कम करने के निर्देश
नांदगांव पेठ औद्योगिक क्षेत्र में ओवरलोड की समस्या दूर करने तथा बड़े औद्योगिक ग्राहकों की बढ़ती मांग पूरी करने के लिए 220 केवी डवरगांव अतिउच्चदाब उपकेंद्र से निकलने वाली 33 केवी लाइनों के लिए 21 मीटर ऊंचे मोनोपोल स्ट्रक्चर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा तकनीकी खराबियों को तत्काल दूर करने के लिए अमरावती और सातुर्णा औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक तथा नांदगांव पेठ औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक, इस प्रकार दो स्वतंत्र वाहन और समर्पित कर्मचारियों की व्यवस्था करने की घोषणा भी औंढेकर ने की.
* शहर में ओवरलोड कम करने के लिए 150 नए ट्रांसफार्मर
औद्योगिक क्षेत्रों के साथ अमरावती शहर में बिजली के ओवरलोड को कम करने के लिए 200 केवीए क्षमता वाले 150 नए रोहित्र (ट्रांसफार्मर) मंजूर किए गए हैं. इससे पहले 50 ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जा चुके हैं, यह जानकारी भी बैठक में दी गई.
* पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क के लिए नया 220 केवी उपकेंद्र
भविष्य में बढ़ने वाली औद्योगिक बिजली की मांग को ध्यान में रखते हुए पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क के लिए 220 केवी का नया अतिउच्चदाब उपकेंद्र स्थापित किया जाएगा. वहीं नांदगांव पेठ के कपास तलणी क्षेत्र में महापारेषण की ओर से 400 केवी क्षमता वाले नए अतिउच्चदाब उपकेंद्र का काम तेजी से चल रहा है. यह उपकेंद्र आगामी मार्च तक पूरी क्षमता के साथ शुरू होने की उम्मीद धनंजय औंढेकर ने व्यक्त की.
* उद्यमियों ने किया सत्कार
अमरावती में पहली बार पहुंचकर औद्योगिक संगठनों और उद्यमियों के साथ बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याओं एवं भविष्य की जरूरतों पर सीधे चर्चा करने के लिए औद्योगिक प्रतिनिधियों की ओर से निदेशक धनंजय औंढेकर का सत्कार भी किया गया.
फोटो कैप्शन : औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान महावितरण के निदेशक धनंजय औंढेकर. अमरावती पहुंचकर पहली बार उद्यमियों के साथ बिजली सेवा को लेकर चर्चा करने पर औद्योगिक प्रतिनिधियों ने उनका सत्कार किया.

Back to top button