‘अमृत शासन सेतु संवाद’ से विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की जानकारी
धारणी पुलिस स्टेशन में कानून, साइबर अपराध और पुलिस व्यवस्था पर मार्गदर्शन

धारणी /दि.2– महाराष्ट्र अनुसंधान, उन्नति व प्रशिक्षण प्रबोधिनी (अमृत), जिला कार्यालय अमरावती की ओर से चलाए जा रहे ‘अमृत शासन सेतु संवाद’ उपक्रम के तहत धारणी पुलिस स्टेशन में विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. श्री वसंतराव नाईक महाविद्यालय के विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष परिचित कराने के साथ कानून और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना कार्यक्रम का उद्देश्य था.
कार्यक्रम में अमृत के जिला प्रबंधक ऋषिकेश कथलकर, अमृत मित्र केदार चावरेकर तथा महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आर.एस. पाटील विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे. धारणी पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप पाटील और पुलिस उपनिरीक्षक विशाल राठोड़ ने विद्यार्थियों को पुलिस स्टेशन के विभिन्न विभागों की जानकारी दी. विद्यार्थियों ने महिला कक्ष, समुपदेशन कक्ष सहित अन्य विभागों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर उनके कामकाज को समझा.
इस दौरान विभिन्न कानूनों, अपराधों के स्वरूप, शिकायत एवं अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया, जांच तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई. बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी से बचाव, व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता और साइबर सुरक्षा के महत्व पर भी विशेष मार्गदर्शन किया गया.
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने तथा ऑनलाइन आर्थिक लेन-देन करते समय सतर्कता बरतने का आह्वान किया.
‘अमृत शासन सेतु संवाद’ के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिल रहा है. इससे कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में मदद मिल रही है. कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने मार्गदर्शन का अवसर उपलब्ध कराने के लिए अमृत संस्था का आभार माना. डॉ. आर.एस. पाटील ने भी अमृत संस्था और पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया.





