2 से 8 अक्टूबर तक मेलघाट में ‘वन्यजीव सप्ताह’
विद्यार्थियों और नागरिकों के लिए जनजागरूकता व पर्यावरण संरक्षण के विविध कार्यक्रम

अमरावती/दि.2 – मेलघाट टाइगर रिजर्व की ओर से 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक ‘वन्यजीव सप्ताह’ मनाया जाएगा. ‘अधिवास जोड़णीकरण, वन्यजीवों का सशक्तीकरण’ की थीम पर वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक अधिवास की सुरक्षा और पर्यावरणपूरक जीवनशैली को लेकर विभिन्न शैक्षणिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
वन्यजीव सप्ताह का उद्घाटन 2 अक्टूबर को अमरावती के कुलाढाप सभागृह में होगा. इस दौरान महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण स्वयंसेवक कार्यशाला, बांबू उद्यान में प्रकृति भ्रमण और वन्यजीव विषयक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. तापड़िया सिटी सेंटर में वन्यजीव छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो नागरिकों के लिए खुली रहेगी.
सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए वन्यजीवों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री एवं फिल्मों का प्रदर्शन, प्रकृति प्रश्नमंजूषा, पोस्टर निर्माण, पर्यावरण विषयक कविता और वन-वन्यजीव सहजीवन पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसके अलावा तेंदुए के साथ सहजीवन पर जागरूकता कार्यशाला, ‘टॉक विथ ट्री’, वन्यजीव विषयक व्याख्यान और प्रस्तुतियां भी होंगी. जल संरक्षण तथा प्लास्टिक बोतलों के पुन: उपयोग को लेकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा.
मेलघाट क्षेत्र में प्लास्टिक संकलन एवं निर्मूलन अभियान भी चलाया जाएगा. चिखलदरा के निवासी अंध विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए पक्षी निरीक्षण कार्यक्रम तथा आश्रमशाला के विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपयोगी सामग्री का वितरण किया जाएगा.
इन कार्यक्रमों में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, शिक्षक, स्वयंसेवी संस्थाएं और नागरिक सहभागी होंगे. वन्यजीव एवं प्राकृतिक अधिवासों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए मेळघाट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है. 8 अक्टूबर को समापन समारोह कुलाढाप सभागृह, मेळघाट टाइगर रिजर्व कार्यालय, अमरावती में होगा. इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे.





