मोर्शी में 3 और 4 अक्टूबर को ‘ग्रंथोत्सव-2026’
जिलाधिकारी आशीष येरेकर करेंगे उद्घाटन

पुस्तक प्रदर्शनी, व्याख्यान, कवि सम्मेलन समेत विविध कार्यक्रम
अमरावती /दि.2- जिला पुस्तकालय अधिकारी कार्यालय की ओर से शनिवार, 3 और रविवार, 4 अक्टूबर को मोर्शी के पंजाबबाबा सभागृह में दो दिवसीय ‘ग्रंथोत्सव-2026’ का आयोजन किया गया है. ग्रंथोत्सव का उद्घाटन 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी आशीष येरेकर के हाथों होगा. इस अवसर पर पुस्तक प्रदर्शनी एवं बिक्री के साथ विभिन्न साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
कार्यक्रम में विभागीय आयुक्त नयना गुंडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगी, जबकि वरिष्ठ साहित्यकार विठ्ठल कुलट विशेष अतिथि और ग्रंथालय संचालक अशोक गाडेकर अध्यक्ष रहेंगे. इससे पहले सुबह 10 बजे उपविभागीय अधिकारी प्रदीप पवार की उपस्थिति में ग्रंथ दिंडी निकाली जाएगी. पहले दिन दोपहर 12 बजे प्रा. जगदीश पाटील का ‘भारत का रक्तरंजित इतिहास’ विषय पर व्याख्यान, दोपहर 1 बजे हास्य कवि धीरज चावरे का कार्यक्रम तथा दोपहर 2 से 4.30 बजे तक ‘पुस्तक की दोस्ती’ विषय पर परिसंवाद होगा.
दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर व्याख्यान, एकपात्री प्रयोग, नकल एवं गीत गायन का कार्यक्रम होगा. दोपहर 2 से 4 बजे तक कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें नितीन देशमुख की अध्यक्षता में गजानन देशमुख, विशाल मोहोड, किशोर जराड, अलका तालनकर, संदीप देशमुख, प्रणाली देशमुख और विशाल कनेकर सहभागी होंगे. शाम 4 से 5 बजे तक ग्रंथोत्सव का समापन होगा. जिला ग्रंथालय अधिकारी डॉ. अतुल वानखड़े ने ग्रंथप्रेमियों और साहित्य रसिक नागरिकों से ग्रंथोत्सव में बड़ी संख्या में सहभागी होने का आह्वान किया है.





