अ. रियाज का शव निकाला जायेगा स्मशान भूमि से

कब्रस्तान में मुस्लिम रीति-रिवाज से होगा सुपुर्द-ए-खाक

* बंद अस्पताल में पानी की टंकी से मिली थी लाश
* 27 दिन बाद हुई शिनाख्त, नागपुरी गेट पुलिस की जांच तेज
* थानेदार कोटनाके ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
* मामले में जल्द बड़े खुलासे के संकेत
अमरावती/ दि. 12 – अमरावती शहर के नागपुरी गेट थाना क्षेत्र स्थित पठान चौक परिसर के एक निजी अस्पताल की पानी की टंकी में मिली रहस्यमय लाश की पहचान आखिरकार 27 दिनों बाद हो गई है. पुलिस जांच में मृतक की शिनाख्त अब्दुल रियाज के रूप में होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पहचान होने के साथ ही पुलिस और प्रशासन अब शव को परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया में जुट गए हैं. बता दें कि जब पानी की टंकी से शव बरामद किया गया था, तब वह अत्यधिक सड़-गल चुका था, जिसके कारण उसकी पहचान करना संभव नहीं हो पाया था. पुलिस ने विभिन्न माध्यमों से पहचान स्थापित करने का प्रयास किया, लेकिन लंबे समय तक कोई परिजन अथवा वारिस सामने नहीं आया. ऐसी स्थिति में प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को श्मशान भूमि में दफना दिया था. अब मृतक की पहचान होने के बाद प्रशासन शव को बाहर निकालकर परिजनों को सौंपेगा. इसके बाद परिवारजन मुस्लिम परंपरा और रीति-रिवाज के अनुसार कब्रिस्तान में मृतक को सुपुर्द-ए-खाक करेंगे.
* 27 दिन बाद मिली पहचान, जांच को मिली नई दिशा
मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस जांच को नई गति मिल गई है. अब तक जिस मामले में पुलिस अंधेरे में तीर चला रही थी, उसमें अब कई अहम कड़ियां जुड़ने लगी हैं. जांच अधिकारियों का मानना है कि मृतक की पहचान स्थापित होने से उसके अंतिम दिनों की गतिविधियों, संपर्कों और घटनाक्रम को समझने में मदद मिलेगी. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अब्दुल रियाज अस्पताल परिसर की पानी की टंकी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. यह दुर्घटना थी, आत्महत्या थी या फिर किसी आपराधिक घटना का परिणाम, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
* थानेदार मनोहर कोटनाके ने किया घटनास्थल का दौरा
मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुरी गेट पुलिस ने जांच तेज कर दी है. थानेदार मनोहर कोटनाके अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल परिसर, पानी की टंकी की संरचना, वहां तक पहुंचने के संभावित रास्तों और अन्य तकनीकी पहलुओं का पुनः परीक्षण किया. जांच दल घटनास्थल से जुड़े प्रत्येक तथ्य को खंगाल रहा है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
* कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की चर्चा
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर मामले में जल्द बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर किसी भी संदिग्ध या आरोपी का नाम उजागर नहीं किया है, लेकिन जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर घटनाक्रम को जोड़ने का प्रयास कर रही है. यदि जांच में मिले सुराग सही साबित होते हैं तो पुलिस जल्द ही इस रहस्यमय मौत की गुत्थी सुलझाने का दावा कर सकती है.
* शहरभर में चर्चा का विषय बना मामला
पानी की टंकी में लाश मिलने की घटना ने शुरुआत से ही पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया था. पहचान नहीं होने के कारण मामला और भी रहस्यमय बन गया था. अब 27 दिनों बाद मृतक की पहचान होने से लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है. स्थानीय नागरिकों की नजरें अब पुलिस जांच पर टिकी हैं. हर कोई जानना चाहता है कि आखिर अब्दुल रियाज की मौत कैसे हुई और वह अस्पताल की पानी की टंकी तक कैसे पहुंचा. फिलहाल नागपुरी गेट पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. मृतक की पहचान के बाद जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है और आने वाले दिनों में इस रहस्यमय मौत से पर्दा उठने की उम्मीद जताई जा रही है.

Back to top button