पस की आमसभा में मेलघाट की विविध समस्याओं को लेकर चर्चा
पानी की किल्लत, निकृष्ट दर्जे के रास्तों व स्वास्थ्य एवं शिक्षा को लेकर उठे सवाल

चिखलदरा/ दि.30 – हाल ही में चिखलदरा पंचायत समिति की आमसभा संपन्न हुई. आमसभा में स्वास्थ्य, शिक्षा व पानी की किल्लत को लेकर सवाल उठे. अधिकारियों और नागरिकों के बीच समस्याओं को लेकर अच्छी खासी नोंक झोंक हुई. मेलघाट के विधायक केवलराम काले की अध्यक्षता में ली गई आमसभा में तहसीलदार जीवन मोरनकार, गुट विकास अधिकारी विनोद खेडेकर, चिखलदरा के थानेदार सुरेश मानंटे के साथ भाजपा पदाधिकारी हिरूजी हेकडे, दिनेश चव्हाण, शैलेश माला, आकाश खैरकर सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता बडी संख्या में उपस्थित थे.
आमसभा में चिखलदरा तहसील की विविध समस्याओं पर चर्चा की गई. नागरिकों ने अपनी अपनी समस्या रखी. जिसमें प्रमुख रूप से हतरू स्थित पशु वैद्यकीय अस्पताल की इमारत का निर्माण तो कराया गया. लेकिन यहां पशु वैद्यकीय डॉक्टर न रहने से यह इमारत शोभा की वस्तु बनी हुई है. साथ ही परिसर में शिक्षा की परिस्थिति अतिशय गंभीर है. अनेक शालाओं पर केवल एक ही शिक्षक उपस्थित रहता है और वह 1 से 5 की कक्षा को संभालता है. परिसर में अनेक शिक्षकों के पद रिक्त है. जिसकी वजह से मेलघाट में शिक्षा का स्तर गिर रहा है और मेलघाट के आदिवासी बच्चे शिक्षा से वंचित रह रहे हैं.
रक्षा गांव की परिस्थिति विकट
चिखलदरा तहसील में रक्षा नाम का एक गांव है. उस गांव की परिस्थिति अति भयानक है. इस गांव को जानेवाले रास्ते पर बडे-बडे गढ्ढे पडे हैं. इस रास्ते पर साधी गिट्टी व मुरूम भी संबंधित प्रशासन द्बारा न डाले जाने से नागरिकों को नरक यातना भुगतनी पड रही है. इतना ही नहीं इस गांव में बिजली भी नहीं है. यहां के नागरिकों को रात भर अंधेरे में रहना पड रहा है. वहीं गांव में स्मशान भूमि भी नहीं है. यह गांव विविध समस्याओं से ग्रस्त है. इस गांव की समस्याओं को लेकर भी आमसभा में चर्चा की गई.
* रेहटया खेडा में पानी की टंकी का काम बंद
रेहटया खेडा में पानी की टंकी मंजूर है. लेकिन वनविभाग की अनुमति नहीं रहने के चलते पानी की टंकी का काम बंद है. पिछले 4 वर्षो से इस गांव में पानी का प्रश्न गंभीर है. यहां के रहनेवाले नागरिकों को पानी के लिए दर- दर भटकना पड रहा है. इसके साथ ही माखला गांव में भी भीषण पानी की किल्लत है. मेलघाट में सबसे बडी समस्या पानी की है. पानी की समस्या को हल किए जाने की मांग आमसभा में नागरिकों ने की है.
सेमाडोह से हतरू रास्ते की दुर्दशा
चिखलदरा तहसील के सेमाडोह से हतरू रास्ते की स्थिति अतिशय खराब है. पिछले वर्ष प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना अंतर्गत इस रास्ते का निर्माण किया गया था. लेकिन रास्ते का निर्माण कार्य निकृष्ट दर्जे का है, ऐसा आरोप स्थानीय नागरिकों ने लगाया और जांच किए जाने की भी मांग की. इस प्रकार से अनेक प्रश्नों पर आमसभा में चर्चा हुई. आमसभा में विधायक केवलराम काले तथा अधिकारियों से कडी भूमिका लिए जाने की मांग नागरिकों द्बारा की गई.





