बारामती में उपचुनाव अब नहीं रहेगा निर्विरोध

ओबीसी नेता हाके ने उम्मीदवार उतारने का किया ऐलान

बारामती/दि.31 – बारामती विधानसभा उपचुनाव को निर्विरोध कराने की कोशिशों के बीच अब राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं. ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके ने स्पष्ट घोषणा की है कि वे इस चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेंगे, जिससे अब यह चुनाव निर्विरोध होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है. दरअसल, राकांपा नेता व दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद बारामती विधानसभा सीट खाली हुई है, जिसके लिए चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की है. जानकारी के मुताबिक 23 अप्रैल को मतदान और 4 मई को मतगणना होगी.
ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके ने कहा कि वे हर हाल में चुनाव लड़ेंगे और अगले दो दिनों में उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर कई राजनीतिक दलों से बातचीत जारी है और कुछ राष्ट्रीय दल भी चुनाव में रुचि दिखा रहे हैं. हाके ने कहा कि राज्य में पहले भी नेताओं के निधन के बाद उपचुनाव हुए हैं और लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए चुनाव होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि सहानुभूति के आधार पर चुनाव को निर्विरोध कराना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सुनेत्रा पवार को विधान परिषद में भेजा जाए, जबकि सत्ताधारी दल चुनाव मैदान में अपने कार्यकर्ता को उतारे. उन्होंने दावा किया कि कई दल इस मुद्दे पर उनके संपर्क में हैं.
इस घोषणा के बाद बारामती उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और अब मुकाबला दिलचस्प होने की पूरी संभावना है.

Back to top button