चांगापुर में हनुमान जन्मोत्सव पर ऐसी रहेगी आवाजाही की व्यवस्था
वलगांव रोड से रेलवे अंडरपास तक आना-जाना कर सकेंगे वाहन

* अंडरपास से पहले वाहनों को पार्क कर मंदिर तक पैदल जा सकेंगे श्रद्धालू
* अंडरपास को पार कर वाहन ले जानेवाले लोगों को अयोध्या नगरी से रेलवे फाटा पुल वाले रास्ते से लौटना पडेगा
* चांगापुर फाटे से अंडरपास तक ‘टू-वे’ और अंडरपास के बाद ‘वन-वे’ की व्यवस्था रहेगी
अमरावती/दि.31 – समीपस्थ वलगांव रोड के पास श्री क्षेत्र चांगापुर स्थित चांगापुर नरेश हनुमानजी के पुरातन व जागृत मंदिर में परसों 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव वाले दिन करीब 5 से 7 लाख भाविक श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने का अनुमान है. चूंकि चांगापुर परिसर से होकर गुजरनेवाली अमरावती-नरखेड रेलवे लाइन की रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर बनाए गए रेलवे अंडरपास को अभी हाल ही में खोला गया है. जो इतनी अधिक संख्या में लोगों और उनके वाहनों की आवाजाही के लिहाज से अपर्याप्त साबित हो सकता है. जिसके चलते पार्षद अनिल अग्रवाल की पहल एवं चांगापुर मंदिर संस्थान द्वारा किए गए निवेदन को ध्यान में रखते हुए शहर पुलिस आयुक्तालय द्वारा 2 अप्रैल को चांगापुर की ओर आने-जानेवाले यातायात को सुचारु रखने हेतु वन-वे व टू-वे को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक 2 अप्रैल को चांगापुर फाटे से चांगापुर रेलवे क्रॉसिंग पर बने रेलवे अंडरपास तक वाहनों की आवाजाही के लिए ‘टू-वे’ की व्यवस्था रहेगी यानि चांगापुर फाटे से रेलवे अंडरपास तक वाहनों की दोनों ओर से आवाजाही हो सकेगी तथा लोगबाग अपने वाहनों को रेलवे अंडरपास से पहले खाली पडी जमीनों पर पार्क कर वहां से आगे मंदिर तक पैदल आना-जाना कर सकेंगे और फिर अपने वाहन लेकर वहीं से वापस चांगापुर फाटे की ओर लौट सकेंगे. जबकि रेलवे अंडरपास की दूसरी ओर से चांगापुर मंदिर की ओर जानेवाली सडक पर ‘वन-वे’ की व्यवस्था रहेगी. जिसके चलते अपने वाहनों के साथ रेलवे अंडरपास को पार कर चांगापुर मंदिर की ओर जानेवाले श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन के उपरांत अपने वाहन लेकर चांगापुर मंदिर के पास से जयस्वाल नगर, अयोध्या नगरी, रामलल्ला मंदिर होते हुए रेवसा फाटा रेलवे पुल से वलगांव रोड पर आना होगा.
बता दें कि, चांगापुर परिसर से होकर गुजरने वाली अमरावती-नरखेड रेल लाइन की रेलवे क्रॉसिंग पर बनाया गया रेलवे अंडरपास बेहद संकरा और अंधे मोड वाला है. जहां से एक समय पर विपरित दिशा से होकर आनेवाले दो वाहन एक समय पर नहीं गुजर सकते है. जिसके चलते प्रत्येक शनिवार व रविवार को चांगापुर मंदिर में आनेवाले 20 से 25 हजार भाविक श्रद्धालुओं को काफी समस्याओं व दिक्कतों का सामना करना पड रहा है. ऐसे में आगामी 2 अप्रैल को जब हनुमान जन्मोत्सव पर चांगापुर नरेश के दर्शन हेतु 5 से 7 लाख लोगों की भीड उमडेगी, तो उस समय यहां पर पैदा होनेवाली समस्या व दिक्कत की महज कल्पना ही की जा सकती है. इस बात को ध्यान में रखते हुए अमरावती मनपा के स्वीकृत पार्षद अनिल अग्रवाल ने चांगापुर रेलवे अंडरपास के मुद्दे को बडे पूरजोर तरीके से उठाया था. जिसके चलते जहां एक ओर राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने खुद चांगापुर रेलवे अंडरपास का दौरा करते हुए रेलवे के बडे अधिकारियों से बातचीत की थी. वहीं सांसद बलवंत वानखडे ने भुसावल के डिवीजनल रेलवे मैनेजर पीयूष अग्रवाल के साथ अमरावती रेलवे स्टेशन पर विस्तृत चर्चा की थी. इन दोनों ही मौकों पर पार्षद अनिल अग्रवाल भी उपस्थित थे. जिन्होंने रेलवे अधिकारियों के सामने चांगापुर परिसरवासियों की समस्याओं व दिक्कतों को पूरजोर तरीके से रखा था. साथ ही साथ 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव पर पैदा हो सकनेवाली समस्याओं व दिक्कतों की ओर संबंधितों का ध्यान दिलाया था. जिसके बाद रेलवे के डीआरएम पीयूष अग्रवाल ने अमरावती के शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला से भी बातचीत की थी. जिसके चलते सीपी राकेश ओला ने अपने अधिनस्थ अधिकारियों के साथ चांगापुर परिसर का दौरा करते हुए 2 अप्रैल के लिहाज से यातायात व्यवस्था का जायजा लिया था तथा पार्षद अनिल अग्रवाल सहित मंदिर प्रबंधन कमिटी से भी इस बारे में बातचीत की थी. जिसके बाद 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर चांगापुर नरेश मंदिर की ओर आने-जानेवाले रास्तों पर यातायात को सुचारु रखने के लिए ‘वन-वे’ एवं ‘टू-वे’ की व्यवस्था पर विचार किया गया. जिसके तहत चांगापुर फाटे से चांगापुर रेलवे क्रॉसिंग यानि अंडरपास तक वाहनों की आवाजाही के लिए ‘टू-वे’ की व्यवस्था रहेगी. वहीं रेलवे अंडरपास से चांगापुर नरेश हनुमान मंदिर और वहां से जयस्वाल नगर, अयोध्या नगरी व रामलल्ला मंदिर होते हुए रेवसा रेलवे फाटा तक वन-वे की व्यवस्था रखने का निर्णय लिया गया है.





