बेमौसम बारिश से 600 हेक्टेअर क्षेत्र में फसले प्रभावित
अंजनगांव व चांदुरबाजार तहसीलों में गेहूं, प्याज, केले व संतरे की फसलों का नुकसान

अमरावती /दि.1– जिले में विगत 24 घंटों के दौरान तेज आंधी-तूफान के साथ हुई बेमौसम बारिश की वजह से 578.86 हेक्टेअर क्षेत्र में फसलों का बडे पैमाने पर नुकसान हुआ है. जिसमें प्रमुख तौर पर अंजनगांव सुर्जी व चांदुर बाजार तहसीलों में गेहूं, प्याज, केले व संतरे की फसलों का बडे पैमाने पर नुकसान होने के चलते संबंधित क्षेत्रों के किसान चिंता एवं दिक्कत में फंसे नजर आ रहे है.
कृषि विभाग की क्षेत्रीय व्यवस्था दौरान बेमौसम बारिश से बाधित फसलों की प्राथमिक रिपोर्ट विभागीय कृषि सहसंचालक एवं जिला प्रशासन को पेश की गई है. जिसके मुताबिक अंजनगांव सुर्जी तहसील में सर्वाधिक 317.80 हेक्टेअर, चांदुर बाजार में 227.70 हेक्टेअर, अचलपुर में 18 हेक्टेअर, भातकुली में 8 हेक्टेअर, चिखलदरा में 4 हेक्टेअर तथा दर्यापुर तहसील क्षेत्र में 3.36 हेक्टेअर क्षेत्र में खेती-किसानी का नुकसान हुआ है.
ज्ञात रहे कि, जिले में विगत दो दिनों के दौरान वातावरण काफी गर्म रहा और अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सीअस पर जा पहुंचा. साथ ही वातावरण आंशिक रुप से बदरीला भी रहा. इसी बीच तेज आंधी-तूफान के साथ बेमौसम बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने के चलते फसलों का नुकसान हुआ. वहीं इस बीच मौसम विभाग ने जिले में 2 अप्रैल तक कुछ स्थानों पर बेमौसम बारिश होने की संभावना जताई है.
* फसलनिहाय नुकसान
कृषि विभाग की प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक बेमौसम बारिश के चलते गेहूं का 160 हेक्टेअर, हरभरे का 7 हेक्टेअर, ज्वार का 4 हेक्टेअर, प्याज का 151.36 हेक्टेअर, नीबू का 29.80 हेक्टेअर, साग-सब्जी का 8.10 हेक्टेअर, केले का 60 हेक्टेअर, संतरे का 133.60 हेक्टेअर, आम का 2 हेक्टेअर, पपई का 12 हेक्टेअर व अन्य फसलों का 11 हेक्टेअर ऐसे कुल 578.86 हेक्टेअर क्षेत्र में नुकसान हुआ है.





