केवल 365 मिली केरोसीन मिलेगा
अभी पंप धारक तय नहीं

* जिले में 1733 फुटकर विक्रेता
* 108 किलो लीटर की आपूर्ति
अमरावती/दि.1 – खाडी युद्ध के कारण हुए इंधन संकट को देखते हुए सरकार ने मिट्टी का तेल अर्थात केरोसीन की आपूर्ति पुन: शुरु करने की घोषणा की है. किंतु शासकीय सूत्रों के अनुसार केवल देहातों में सीमित जगहों और सीमित मात्रा में ही केरोसीन दिया जाएगा. अभी पंप धारक तय नहीं होने की जानकारी जिलाधीश कार्यालय अंतर्गत आपूर्ति विभाग ने दी. उन्होंने बताया कि, शीघ्र बैठक में पेट्रोल पंप तय होंगे. कंपनी अधिकारियों से चर्चा होगी. विशेषकर देहांतों में ही पंपों से केरोसीन सीमित मात्रा में दिया जाएगा. जिले में यद्यपि 1733 फुटकर केरोसीन विक्रेता है.
दुर्गम भागों विशेषकर जनजातीय क्षेत्र में केरोसीन वितरण का निर्णय किया गया है. प्रतिकार्ड 365 मिली लीटर केरोसीन दिया जाएगा. अमरावती जिले के लिए 108 किलो लीटर स्टॉक मंजूर किया गया है. देहांतों में गैस सिलेंडर की दो बुकिंग में 30-35 दिनों का अंतर रखा जा रहा है. वहीं आदिवासी बस्तियों, पारधी बेडो के लिए केरोसीन का स्टॉक किया जा रहा हैं.
सिलेंडर नहीं मिलने से ग्राहकों को केरोसीन आपूर्ति का निर्णय किया गया. किंतु अब स्टोव उपलब्ध नहीं होने की चर्चा भी जोरदार चल रही है. स्टोव की कीमत हजार रुपए से अधिक बतायी जा रही. 22 रुपए 75 पैसे का केरोसीन इस्तेमाल करने के लिए 1 हजार रुपए का स्टोव खरीदना पडेगा.
* जिले में परवाना धारकों की स्थिति
जिले में चिल्लर लाईसेंस धारक की संख्या 1733 है. वहीं होलसेलर्स की संख्या 21 और सेमी होलसेलर्स 31 है. 130 हॉकर्स है. ऐसे में कुल 1915 लोगों को भी केरोसीन वितरण का इंतजार है. प्रति लाभार्थी आधा लीटर भी केरोसीन मिलने की संभावना कम हैं. जिले में अंत्योदय और प्राधान्य श्रेणी के 3.6 लाख राशन कार्ड धारक है. अत: आपूर्ति विभाग ने 365 केएल केरोसीन की मांग की थी. प्रत्यक्ष में 108 केएल केरोसीन आपूर्ति की संभावना हैं.





