आंबेडकर जयंती उनके विचारों के उत्सव के रूप में मनाएं
समीक्षा बैठक में फडणवीस ने कहा

मुंबई /दि.6- मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि महापुरूषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके विचारों और कार्यो की प्रेरणा को नई पीढी तक पहुंचाना है. मुख्यमंत्री ने 14 अप्रैल को मनाई जानेवाली भारतरत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की 135 वीं जयंती की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की. राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आंबेडकर के विचारों और संविधान से देश को प्रगति के लिए दिशा मिली है. उनके योगदान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना आवश्यक हैं. फडणवीस ने कहा कि आंबेडकर जयंती उनके विचारों के उत्सव के रूप में मनाई जाए. आंबेडकर की जयंती पर लाखों अनुयायी चैतन्यभूमि पर आते हैं. इसलिए गर्मी से बचाव के लिए विभिन्न स्थानों पर मंडप बनाया जाए. नागरिकों के लिए व्यापक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
ड्रोन शो होगा
मंत्री शिरसाट ने बताया कि आंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. 13 अप्रैल की शाम को दादर स्थित चैतन्यभूमि परिसर में डॉ. आंबेडकर के जीवन पर आधारित ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा.





