और फिर यात्रियों के सामने ही सड़क पर घसीटकर ले गया
खतरनाक! पहले गाय का शिकार किया

* ‘मामा’ बाघ का कारनामा
चंद्रपुर/दि.6 – ताडोबा अंधारी टाइगर प्रोजेक्ट के बफर जोन में अब बाघ सीधे सड़क पर आकर शिकार कर रहे हैं. चंद्रपुर-मूल हाईवे पर जानाला गांव के पास रविवार, 5 अप्रैल को दोपहर करीब 11:30 बजे ‘मामा’ बाघ ने हमला कर एक गाय को मार डाला. गाय के शिकार का यह रोमांचक दृश्य इस मार्ग से गुजर रहे कई लोगों ने देखा. इस दौरान महामंडल की बस, साथ ही कई चारपहिया और दोपहिया वाहनों की भीड़ इस रास्ते पर जमा हो गई थी.
‘मामा’ बाघ ने सड़क पर ही गाय का शिकार करने के बाद उसे सीधे हाईवे से जंगल की ओर घसीटकर ले गया. यह घटना वनपरिक्षेत्र चिचपल्ली बीट, जानाला कक्ष क्रमांक 715 के पास हुई. आगडी के किसान राजेंद्र वाढई की गाय सड़क किनारे चर रही थी, तभी बाघ ने अचानक उस पर झपट्टा मारा. इस हमले में गाय की मौके पर ही मौत हो गई. ताडोबा वनपरिक्षेत्र का यह ‘मामा’ बाघ इलाके का सबसे बड़ा बताया जा रहा है.
घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों ने बाघ को देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जमा कर ली. इसके कारण कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. इस घटना से किसान राजेंद्र वाढई को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है और स्थानीय किसानों ने वन विभाग से तुरंत मुआवजा देने की मांग की है.
इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल फैल गया है और नागरिकों ने वन विभाग से तुरंत उपाय करने की मांग की है. रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बाघ द्वारा गाय पर हमले का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं.
नागरिकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए चिचपल्ली के वनपरिक्षेत्र अधिकारी स्वाती महेश्कर के मार्गदर्शन में क्षेत्र सहायक निमकर और वन कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली. बिखरी हुई ट्रैफिक को सुचारू किया गया. फोटो और वीडियो बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें, ऐसा वन विभाग ने लोगों से आग्रह किया है.





