विषबाधा से तीन मासूम भाई-बहनों की मौत

मृतकों में 8, 7 व 4 वर्षीय बच्चों का समावेश

* मां व 3 वर्षीय एक बच्ची की स्थिति गंभीर, इलाज जारी
* भोजन के जरिए विषबाधा होने का अंदेशा
* बुलढाणा जिले के धाड गांव की घटना
बुलढाणा /दि.7- जिले के धाड गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के भोजन के चलते हुई विषबाधा की चपेट में आने से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. इस हादसे में तीन मासूम सगे भाई-बहनों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मां और एक छोटी बच्ची का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद वसीम जमदार के परिवार में उनकी पत्नी और चार बच्चों समेत कुल पांच लोगों की तबीयत रविवार से अचानक बिगड़ने लगी. सभी को पेट दर्द, उल्टी और मितली की शिकायत होने लगी. प्रारंभिक तौर पर यह मामला खाने से विषबाधा का माना जा रहा है. सोमवार सुबह हालत ज्यादा बिगड़ने पर सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. उपचार के दौरान मोहम्मद अली (4) और मशीरा (7) की मौत हो गई. इसके बाद मां अफरीन जमदार (34) और दो बेटियों को बेहतर इलाज के लिए बुलढाणा शहर लाया गया. यहां अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे 8 वर्षीय फातिमा ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह एक ही दिन में तीन सगे भाई-बहनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
जानकारी के मुताबिक इस समय मृतक बच्चों की मां अफरीन जमदार का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि 3 वर्षीय अश्मिरा का इलाज बाल रोग विशेषज्ञों की देखरेख में जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, अश्मिरा की हालत अब स्थिर बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है. विषबाधा के कारणों की जांच की जा रही है और खाने के नमूने भी परीक्षण के लिए भेजे जाने की संभावना है.
इस बीच सोमवार को मृतक अली और मशीरा के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया, जिनका अंतिम संस्कार उसी दिन कर दिया गया. वहीं फातिमा के शव का भी पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई. इस दर्दनाक घटना ने पूरे धाड गांव सहित जिले को झकझोर कर रख दिया है. स्थानीय लोगों में शोक और भय का माहौल है, वहीं प्रशासन से घटना की गहन जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है.

Back to top button