प्रो. राम मेघे कॉलेज में विदर्भ का पहला ‘इंटरव्यू क्लिनिक’ शुरू होगा

कल होगा इंटरव्यू क्लिनीक का भव्य उद्घाटन

* एमबीए विभाग का अभिनव उपक्रम
अमरावती/दि.7 – विदर्भ यूथ वेलफेयर सोसायटी संचालित प्रो. राम मेघे कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में विद्यार्थियों के करियर विकास के लिए एक अभिनव पहल की जा रही है. कॉलेज में कल बुधवार 8 अप्रैल को दोपहर 12 बजे ‘इंटरव्यू क्लिनिक’ का भव्य उद्घाटन होगा. यह पहल विदर्भ क्षेत्र में अपनी तरह की पहली मानी जा रही है. इस उपक्रम का मार्गदर्शन संस्था के अध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे, उपाध्यक्ष एड. उदय देशमुख, कोषाध्यक्ष प्रा. डॉ. हेमंत देशमुख, सचिव युवराजसिंह चौधरी, कार्यकारी सदस्य नितिन हिवसे, डॉ. पूनम चौधरी, पंकज देशमुख, प्रा. विनय गोहाड, प्रा. गजानन काले समेत अन्य पदाधिकारियों और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय ठाकरे के नेतृत्व में किया जा रहा है.
आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इंटरव्यू स्किल, आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. इसी उद्देश्य से शुरू किए जा रहे इस इंटरव्यू क्लिनिक में छात्रों को वास्तविक इंटरव्यू का अभ्यास, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और सुधार के अवसर प्रदान किए जाएंगे. इस क्लिनिक में विद्यार्थियों के इंटरव्यू का इन-कैमरा रिकॉर्डिंग किया जाएगा, जिसके बाद उनकी कमियों का विश्लेषण कर उन्हें सुधार के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा. साथ ही इस पूरी प्रक्रिया का लाइव स्ट्रीमिंग भी किया जाएगा, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी सीखने का अवसर मिलेगा. इस प्रकल्प के प्रोजेक्ट प्रमुख डॉ. लोभस घडेकर हैं, जिनकी संकल्पना से यह पहल साकार हो रही है. डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज द्वारा इस पथदर्शी उपक्रम को संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्राचार्य डॉ. अजय ठाकरे व विभाग प्रमुख डॉ. शशिकांत थोरात का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है.

Back to top button