सर्राफा व्यापारी को दिए सोने-चांदी के नकली सिक्के
30 लाख की धोखाधड़ी

वाशिम /दि.8- वाशिम के मालेगांव के तीन लोगों द्वारा सतारा जिले के एक सर्राफा व्यापारी को पुराने सोने के सिक्के हैं और उन्हें सस्ते दाम में बेचना है’ कहकर धोखाधड़ी करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है.
धोखाधड़ी का तरीका – आरोपियों ने सोने के नकली सिक्के देकर व्यापारी को कुल 30 लाख रुपये का चूना लगाया. सोना और चांदी के नकली सिक्के देने के मामले में मालेगांव पुलिस ने गव्हा निवासी पति-पत्नी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों ने व्यापारी को नमूने के तौर पर चार सिक्के दिए थे. व्यापारी (खांडेकर) ने जब मुंबई में इन सिक्कों की जांच करवाई, तो वे असली निकले. इससे उनका आरोपियों पर पूरा भरोसा जम गया. सिक्कों की पुष्टि होने के बाद, तय योजना के अनुसार 3 अप्रैल को सुबह 7 बजे अकोला-वाशिम राजमार्ग पर स्थित एक होटल में सौदा तय हुआ. सर्राफा व्यापारी ने 30 लाख रुपये नकद देकर आरोपियों से सोने के सिक्कों की थैली ले ली. अगले दिन जब उन्होंने मुंबई में इन सिक्कों की दोबारा जांच करवाई, तो सभी सिक्के नकली पाए गए. अपनी धोखाधड़ी का एहसास होने पर व्यापारी ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने मालेगांव पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.