आदर्श शिक्षिका सीमा सहेर शेख अफजल का सत्कार
नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले ने किया सम्मानित

अमरावती/दि.9- अमरावती महानगरपालिका के शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए दिए जाने वाले भारतरत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आदर्श शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सीमा सहेर शेख अफजल चौधरी का विशेष सत्कार किया गया. यह सम्मान विरोधी पक्ष नेता एवं पूर्व महापौर विलास इंगोले के हस्ते आयोजित समारोह में प्रदान किया गया.
बता दें कि, शिक्षिका सीमा सहेर शेख अफजल मनपा उर्दू उच्च प्राथमिक शाला क्रमांक 08 (जमील कॉलनी) में कार्यरत हैं और उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उनकी इसी निष्ठा और समर्पण को देखते हुए महानगरपालिका द्वारा उन्हें ‘आदर्श शिक्षक’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इसके अलावा, उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा पोस्ट ऑफ द मंथ पुरस्कार भी प्रदान किया गया. वहीं उर्दू वाचन अभियान 3.0-सिम्पोजियम 2026 के अंतर्गत जिला स्तर पर तृतीय पुरस्कार से भी नवाजा गया.
इस अवसर पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले ने कहा कि शिक्षक समाज का आधार स्तंभ होता है. प्रतिकूल परिस्थितियों में भी मनपा स्कूलों में उत्कृष्ट शिक्षा देने वाली सीमा सहेर जैसी शिक्षिकाएं समाज के लिए प्रेरणादायक हैं. कार्यक्रम में नगरसेवक मोहम्मद रेहान, समाजसेवक सुरेश रतावा, अफजल चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और शुभचिंतक उपस्थित रहे. सभी ने शिक्षिका सीमा सहेर शेख अफजल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.





