पार्थ पवार के शपथग्रहण में पहनावे की चर्चा
अजित पवार की शैली में गुलाबी जैकेट परिधान

* आवाज और देहबोली में भी वही झलक
मुंबई/ दि.9 – पार्थ पवार ने आज राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली. इस शपथग्रहण समारोह पर राजनीतिक हलकों के साथ-साथ आम लोगों की भी नजरें टिकी थीं. पिछले कुछ दिनों से पार्थ पवार के राज्यसभा में प्रवेश को लेकर चर्चा चल रही थी. उनके साथ महाराष्ट्र से राज्यसभा में गए अन्य सभी सांसदों का शपथग्रहण पहले ही हो चुका था. इसलिए पार्थ पवार कब शपथ लेंगे, इसको लेकर चर्चा हो रही थी. आखिरकार आज उनके शपथग्रहण के साथ उन चर्चाओं को विराम मिला.इस समारोह में सबसे ज्यादा ध्यान उनके पहनावे ने खींचा. पार्थ पवार ने शपथग्रहण के दौरान दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की शैली का गुलाबी जैकेट पहना था. अजित पवार की पहचान बन चुका यह पहनावा एक बार फिर देखने को मिलने से कई लोगों की भावनाएं उमड़ आईं. उनकी आवाज और देहबोली में भी कुछ हद तक अजित पवार की झलक महसूस होने की चर्चा उपस्थित लोगों में रही.अजित पवार के निधन के बाद पार्टी की जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार संभाल रही हैं. ऐसे में पार्थ पवार के शपथग्रहण को और भी भावनात्मक और राजनीतिक महत्व मिल गया है. इस पृष्ठभूमि में उनकी हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी.
पार्थ पवार ने गुरुवार को नई दिल्ली में राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली. भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई. इस मौके पर महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे, कांग्रेस के नेता जयराम रमेश और भाजपा के नेता जे. पी. नड्डा उपस्थित थे.





