सरकारी राशन दुकानों से अनाज का वितरण ठप
ई-पॉस मशीनों के अपडेट नहीं होने का असर

अमरावती/दि.10– केंद्र सरकार ने इस बार अप्रैल माह के दौरान सभी राशनकार्ड धारकों को तीन माह का अनाज वितरित करने का निर्देश राज्य सरकारों के नाम जारी किया है. परंतु महाराष्ट्र की सरकारी राशन दुकानों के ई-पॉस मशीन में तीन माह के राशन वितरण को लेकर आवश्यक जानकारी को अपडेट नहीं किया गया है. जिसके चलते अप्रैल माह के 10 दिन बीत जाने के बावजूद राज्य में सरकारी राशन दुकानों से राशन वितरण का काम ठप है. इसे लेकर सरकारी राशन दुकानदारों के संगठन द्वारा अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई गई है. वहीं दूसरी ओर सरकारी राशन दुकानों से सस्ते सरकारी अनाज का वितरण ठप रहने के चलते जरुरतमंद नागरिकों को काफी समस्याओं व दिक्कतों का सामना करना पड रहा है.
बता दें कि, 3 मार्च 2026 को जारी आदेश में केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों को 30 अप्रैल से पहले अप्रैल, मई व जून ऐसे तीन माह का राशन वितरित करने का आदेश दिया था. परंतु राज्य सरकार के नियोजन के अभाव की वजह से राज्य में तीन माह के राशन का प्रत्यक्ष वितरण शुरु नहीं हो पाए. राशन दुकानों में ई-पॉस मशीन इस हेतु अपडेट नहीं रहने के चलते दुकानदारों द्वारा तीन माह का राशन वितरित करना संभव नहीं हो पा रहा. वहीं दूसरी ओर कुछ राशन दुकानों में सरकार के आपूर्ति विभाग द्वारा केवल एक महिने का ही राशन वितरित हुआ है और शेष राशन की उपलब्धता कब होगी, इसे लेकर कोई स्पष्टता भी नहीं है. जिसके चलते लाभार्थी को राशन दुकान में जाने के बाद तकनीकी दिक्कतों के चलते खाली हाथ वापिस लौटना पडता है.
इन तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक राशन दुकान में तीन महिने के धान्य वितरण हेतु तत्काल नियोजन किया जाए और ई-पॉस मशीन को अपडेट कर दुरुस्त किया जाए, ऐसी मांग राशन दुकानदार संगठन द्वारा उठाई जा रही है, तथा इसे लेकर अन्न व नागरी आपूर्ति विभाग से सतत संपर्क किया जा रहा है.





