जिले में 24 घंटे दौरान 4 आकस्मिक मौते

संबंधित पुलिस थानों में मर्ग दाखिल, जांच शुरु

अमरावती/दि.11– विगत 24 घंटों के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकस्मिक मौत की चार घटनाएं दर्ज की गई. जिनमें हृदयाघात, बिजली के झटके, आत्महत्या और बाथरुम में गिरकर मौत जैसी घटनाओं का समावेश है.
नांदगांव खंडेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत राजूरा निवासी रामदास पाटिल (70) की इलाज के दौरान मौत हुई. उन्हें तबीयत बिगड जाने के चलते 27 फरवरी को पीडीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, परंतु इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. जिसके बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस ने 8 अप्रैल को आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया.
चांदुर रेलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंकी संतोष ठाकरे (35) की 8 अप्रैल को बिजली का करंट लगने की वजह से मौत हुई. बिजली का झटका लगते ही पिंकी ठाकरे को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया. जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद ही पिंकी को मृत घोषित किया. चांदुर रेलवे पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
तिवसा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंद वाडी निवासी शेख कादर शेख दाउद विगत 31 मार्च को अपने घर के बाथरुम में पांव फिसलकर गिर गए थे. जिन्हें गंभीर अवस्था में इलाज हेतु सुपर स्पेशालिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हुई. जानकारी मिलते ही तिवसा पुलिस ने विगत बुधवार को आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
अचलपुर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलनपुरा परिसर में रहनेवाले विजय किसनराव वाघमारे नामक 50 वर्षीय व्यक्ति ने विगत 8 अप्रैल की दोपहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलते ही अचलपुर पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज करते हुए जांच करनी शुरु की. विजय वाघमारे द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की वजह अभी सामने नहीं आई है.

 

Back to top button