31 दिनों से बारिश नहीं होने से अमरावती में सूखे का संकट
कपास, सोयाबीन और तुअर की फसलें खतरे में

* युवा स्वाभिमान पार्टी ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.5 – जिले में लगातार 31 दिनों से बारिश नहीं होने के कारण सूखे जैसी स्थिति निर्माण हो गई है. जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश के अभाव में खेती व्यवस्था संकट में आ गई है. कपास, सोयाबीन और तुअर जैसी प्रमुख फसलों पर संकट मंडरा रहा है. इसे देखते हुए युवा स्वाभिमान पार्टी की ओर से जिलाधिकारी एवं विभागीय कृषि सहसंचालक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक उपाययोजना करने की मांग की गई है.
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले 31 दिनों से अमरावती जिले के करीब 20 प्रतिशत क्षेत्र को छोड़कर अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं हुई है. पिछले एक महीने में केवल 26 और 27 अगस्त को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई थी. इसके बाद अधिकांश राजस्व मंडलों में बारिश की एक बूंद भी नहीं हुई. बारिश के अभाव में खेतों में खड़ी कपास, सोयाबीन और तुअर की फसलें प्रभावित होने लगी हैं, जिससे किसान वर्ग भारी चिंता में है. युवा स्वाभिमान पार्टी ने कहा कि लगातार बारिश नहीं होने से किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है. ऐसे में प्रशासन को स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपातकालीन स्तर पर उपाययोजना करनी चाहिए. ज्ञापन के माध्यम से पीने के पानी की व्यवस्था, पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता, खेतिहर मजदूरों के रोजगार तथा उपलब्ध सिंचाई साधनों के माध्यम से फसलों को बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की गई है. साथ ही सूखे जैसी स्थिति के कारण नुकसान झेल रहे किसानों को शासन स्तर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है.
पार्टी ने प्रशासन से जिले की मौजूदा स्थिति का तत्काल सर्वेक्षण कराकर किसानों को राहत देने के लिए आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजने की मांग की है. ज्ञापन देने वालों में युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा, जिलाध्यक्ष प्रकाश साबले, भातकुली तहसील अध्यक्ष मंगेश इंगोले, जिला उपाध्यक्ष धीरज केने, अमरावती तहसील अध्यक्ष अजय घुले सहित संजय भारसाकले, अमोल कोरडे, दशरथ येवले, पराग चांगोले, राहुल लोखंडे, प्रीतम घुंगरूड, आशीष कावरे, दिवाकर सगणे, श्रीकृष्ण बैलमारे, गौतम खंडारे, ओंकार मोहोड, करमन जोगराणा, भूषण वाणे, मानिक मुंदावने, विश्वासराव डुकरे, देवानंद राठोड, अमित केचे, ज्ञानेश्वरराव काले, सद्याम शेख और विजय मेश्राम आदि उपस्थित थे.





