अकोला में पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या

2 मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

* ‘बच्चे को मत मारो’ कहकर बीच-बचाव करने आई मां की गई जान
अकोला/दि.10 – यहां से नजदीक स्थित बोरगांव मंजू पुलिस थाना क्षेत्र के यावलखेड में गुरुवार सुबह घटी एक सनसनीखेज घटना में पति ने पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इस घटना से इलाके में भारी खलबली मच गई है और दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है. शहर के डाबकी रोड पुलिस थाना क्षेत्र के अन्नपूर्णा माता मंदिर परिसर में पति द्वारा पत्नी की हत्या कर उसे जलाने की ताजा घटना के बाद, पिछले तीन दिनों में पारिवारिक विवाद से पत्नी की हत्या की यह दूसरी घटना है. इससे जिले में शोक और चिंता व्यक्त की जा रही है.
इस संबंध में दीपक लक्ष्मण पिंजरकर द्वारा बोरगांव मंजू पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि मृत महिला का नाम वृषाली अनिल निंबोकार (32), निवासी गजानन नगर, यावलखेड, तहसील अकोला है. वह यावलखेड स्थित गायत्री ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स कंपनी में काम करती थी. पति अनिल निंबोकार (42), ससुर और दो बच्चे-प्रथमेश उर्फ समर्थ और कार्तिक के साथ वह पिछले दो वर्षों से कंपनी के सामने गजानन नगर में रह रही थी. वृषाली और अनिल के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होते रहते थे.
गुरुवार सुबह करीब 9.15 से 9.30 बजे के बीच पति बड़े बेटे समर्थ को मार रहा था. ‘बच्चे को मत मारो’ कहते हुए मां बीच में आई, जिससे पति का गुस्सा बढ़ गया. विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अनिल निंबोकार ने वृषाली पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. घटना के दौरान घर का दरवाजा अंदर से बंद था. पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया और आरोपी को साड़ी से बांधकर काबू में किया. गंभीर रूप से घायल वृषाली को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस मामले में बोरगांव मंजू पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आरोपी अनिल निंबोकार (42) को गिरफ्तार कर लिया गया है. अकोला स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके के साथ बोरगांव मंजू के प्रभारी थानेदार पुलिस उपनिरीक्षक अजित जाधव, पुलिस उपनिरीक्षक मनोज उघड़े, पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र धुले, हेड कॉन्स्टेबल आकाश यादव, सुदीप राऊत, प्रशांत विधले, अक्षय देशमुख और शिवहरी लांडगे जांच कर रहे हैं. इस घटना से यावलखेड क्षेत्र में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है.
मां को मारते समय रो रहा था बेटा
घर से चीख-पुकार सुनाई देने पर बड़ा बेटा प्रथमेश उर्फ समर्थ ‘पापा मां को मार रहे हैं’ कहते हुए बाहर भागा. पड़ोसियों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की. दरवाजा खुलने पर वृषाली खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि अनिल के हाथ में चाकू था. पड़ोसियों ने तुरंत उसे पकड़कर चाकू छीन लिया. इसके बाद उसने जहरीला कीटनाशक पीने की कोशिश की, लेकिन मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया.
जिले में एक सप्ताह में बढ़ी आपराधिक घटनाएं
शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अपराध बढ़ते दिखाई दे रहे हैं. 1 से 9 अप्रैल के बीच नौ दिनों में जिले में पारिवारिक विवाद से दो हत्याएं, दो मारपीट की घटनाएं, एक आर्थिक धोखाधड़ी और दो महिला अत्याचार की घटनाएं सामने आई हैं. बाळापुर पुलिस थाना क्षेत्र में 112 किलो गांजा भी बरामद किया गया. पिछले सप्ताह की घटनाओं को देखते हुए जिले में अपराध दर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच यह एक और दिल दहला देने वाली हत्या सामने आई है. जनता की ओर से पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

Back to top button