बडनेरा रेल्वे स्टेशन पर साकार हो रहा है ‘फूट ओवर ब्रिज’
रेल्वे अमृत योजना के तहत हो रहा है बडनेरा रेल्वे स्टेशन का पुनर्विकास

* काम चल रहा है काफी धीमी गति से
* ‘फूट ओवर ब्रिज’ के साथ एस्केलेटर का भी हो रहा निर्माण
अमरावती/दि.11 – अमृत भारत स्टेशना योजना के तहत देश के रेल्वे स्टेशनों का चरणबद्ध तरीके से पुनर्विकास हो रहा है. पहले ही चरण में बडनेरा रेल्वे स्टेशन का समावेश किया गया था. इसके तहत बडनेरा रेल्वे स्टेशन का विकास कार्य चल रहा है. वर्तमान में नये ‘फूट ओवर ब्रिज’ का काम चल रहा है, जो आगामी दो-तीन माह में पूर्ण होने की संभावना है. इस ‘फूट ओवर ब्रिज’ के साथ यात्रियों की सुविधाओं के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट का भी निर्माण शुरु है. धीमी गति से काम चलता रहने के कारण काफी देरी हो रही है.
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के रेल्वे स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाने की दीर्घकालीन योजना है. मध्य रेल्वे के भुसावल डिविजन के अंतर्गत अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बडनेरा स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जा रहा है. 26 फरवरी 2024 को घोषित इस परियोजना में करीबन 26 करोड रुपए की लागत से स्टेशन के मुखौटे, यात्री सुविधाओं, पार्किंग और प्लेटफार्म में सुधार किया जा रहा है. इसके तहत अब तक प्लेटफार्म का विस्तार, बेहतर यात्री आश्रय और प्रतिक्षालय, भव्य प्रवेशद्वार यातायात और पार्किंग व्यवस्था आदि की गई है. साथ ही बडनेरा रेल्वे स्टेशन के नये बुकिंग कार्यालय की इमारत का भी निर्माण हो गया है और कामकाज भी वहां से शुरु हो गया है. नई इमारत में कामकाज शुरु होने के बाद पुराने टिकट घर की इमारत को जमींदोज कर दिया गया है. इसी पुरानी इमारत के पास से स्टेशन के प्लैटफार्म पर जाने के लिए पुराने ‘फूट ओवर ब्रिज’ को तोडकर नया ‘फूट ओवर ब्रिज’ का निर्माण जारी है. इस ‘फूट ओवर ब्रिज’ का ‘डोम’ पूरी तरह तैयार हो गया है. अब नये बुकिंग कार्यालय से इस ब्रिज पर चढने के लिए सीढियों का निर्माण जारी है. साथ ही एस्केलेटर और लिफ्ट का भी निर्माण जारी है. कडी धूप के कारण यह कार्य दिन में कम किया जा रहा है. सुबह के समय और दिन ढलने के बाद यह कार्य जारी है. लेकिन पिछले काफी दिनों से काम धीमी गति से चलने के कारण इस फूट ओवर ब्रिज को निर्माण होने में देरी हो रही है.
* जीआरपी पुलिस स्टेशन हुआ स्थानांतरीत
इस ‘फूट ओवर ब्रिज’ के निर्माण के लिए जीआरपी पुलिस स्टेशन भी रोडा था. हाल ही में इस जीआरपी पुलिस स्टेशन को अन्य स्थान में स्थानांतरीत किया गया. अब इस पुरानी रेल्वे पुलिस स्टेशन की इमारत को तोडा जाएगा और वहां से नये बुकिंग कार्यालय तक यह ‘फूट ओवर ब्रिज’ रहेगा. इससे टिकट निकालते ही फ्लैटफार्म पर तत्काल पहुंचने के लिए यात्रियों को सुविधा होगी.
* दो ‘फूट ओवर ब्रिज’ है काफी दूरी पर
वर्तमान में बडनेरा रेल्वे स्टेशन के दो ‘फूट ओवर ब्रिज’ काफी दूरी पर है. बडनेरा रेल्वे स्टेशन से सफर करने वाले अथवा बाहरगांव से बडनेरा स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने के लिए अथवा समय पर ट्रेन पकडने के लिए प्लैटफार्म पर पहुंचने काफी परेशानी का सामना करना पड रहा है. वर्तमान के दोनों ‘फूट ओवर ब्रिज’ काफी दूरी पर रहने और पुराने ब्रिज का निर्माण धीमी गति से चलने के कारण यात्रियों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड रहा है. साथ ही स्टेशन के बाहर आने के बाद भी लगेज लेकर बाहर निकलने भी पक्की सडक की सुविधा न होने से यात्रियों को अपनी बैग मार्ग पर बिछाई गई गिट्टी से घसीटकर सडक तक आना पडता है. इस कारण इसका कांक्रिटीकरण होना भी आवश्यक है.





