श्याम चौक की संत पगडीवाला सेल्स दुकान में भीषण आग

20 लाख रुपए का नुकसान, दमकल कर्मियों की सहायता से भारी अनर्थ टला

* कोतवाली थाना क्षेत्र के श्याम चौक के पास संत कंवरराम मार्केट की घटना
अमरावती/दि.11 – भीषण गर्मी और कडी धूप के कारण सभी लोग परेशान है. ऐसे में आये दिन आगजनी की घटना घटित हो रही है. शनिवार को दोपहर 1.10 बजे के दौरान कोतवाली पुलिस स्टेशन के सामने स्थित श्री संत पगडीवाला सेल्स नामक प्रतिष्ठान में भीषण आग लग गई. इस आग से करीबन 20 लाख रुपए का नुकसान हो गया. आग लगने का कारण पता नहीं चला है. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी.
जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस स्टेशन के सामने संत कंवरराम मार्केट में श्री संत पगडीवाला सेल्स दुकान है. इस दुकान में महिलाओं के कपडे समेत अन्य स्टेशनरी सामान मिलता है. दो मंजिला इस प्रतिष्ठान में शनिवार 11 अप्रैल को दोपहर 1 बजे के दौरान उपरी मंजिल पर अचानक आग लग गई. देखते ही देखते इस आग ने भीषण रुप धारण कर लिया. आग लगते ही दुकान संचालक और कर्मचारी बाहर निकल गये. दुकान से काफी धुआ निकलता देख आसपास के दुकानदार और मार्ग से गुजरने वाले नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई. तत्काल इस घटना की जानकारी अग्निशमन दल को दी गई. सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल पहुंच गया. लेकिन आग ने भीषण रुप धारण कर लिया था. वितरण कंपनी के अधिकारियों की सहायता से क्षेत्र की संपूर्ण बिजली आपूर्ति खंडित की गई. पश्चात दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पहुंचकर आग को नियंत्रित करने के काम शुरु किये. अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे, सुनील काकडे के निर्देश पर चालक गौरव फुके, फायरमैन अमोल सालुंके, राजेश गजबे, हर्षद दहातोंडे, निखिल बांटे, गोविंद घुले, रोशन अलुडे, निशांत राठोड, सागर माकोडे, कासम खान, नितिन इंगोले के दल ने आग बुझाने के प्रयास शुरु किये. आग दूसरी मंजिल पर लगी रहने से उसे काबू में करने के लिए काफी मशक्कत करनी पडी. दमकल कर्मियों ने दरवाजा तोडकर आग को बुझाना शुरु किया. करीबन 45 मिनट के अथक प्रयासों के बाद इस आग को काबू में किया गया. दुकान संचालक के मुताबिक इस आग से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है. अग्निशमन दल की सतर्कता से करीबन 2 करोड रुपए का नुकसान होने से बच गया. इस घटना में कटलरी साहित्य, कपडा, मशीनरी, फर्निचर जलकर राख हो गया. भाग्यवश कोई जीवितहानि नहीं हुई. आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है. आग तत्काल काबू में किये जाने से आसपास के दुकानदारों ने राहत की सांस ली.

Back to top button