इस बार पश्चिम विदर्भ पर टूट पडे हैं सूर्यदेव

अकोला दुनिया में दूसरे नंबर पर, देश में सबसे हॉट

* टॉप 10 में अमरावती और यवतमाल का समावेश
* कल से हीट वेव, मौसम विभाग ने किया सावधान
* दुनिया के सबसे गर्म शहरों में विदर्भ के चार शहर
अमरावती/नागपुर/दि.14 – पश्चिम विदर्भ पर इस बार सूर्यदेव कुपित हो जाने की आशंका हो रही है, क्योंकि अकोला और अमरावती दुनिया के 10 सबसे हॉट शहरों में हो गये हैं. अकोला दुनिया में दूसरे नंबर पर रहते हुए 43.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं अमरावती और यवतमाल 43.2 डिग्री के साथ विश्व के टॉप 10 गर्म शहरों में रहने की जानकारी मौसम एजेंसियों ने दी है. आज भी पारा चढा रहा. इतना ही नहीं तो अप्रैल माह का दूसरा सप्ताह बीतते ही मौसम विभाग ने कल 15 अप्रैल से विदर्भ में तगडी उष्ण लहर का अंदेशा व्यक्त किया है. सभी को सावधान करते हुए विभाग ने अंदाजा जताया कि, तीन दिनों तक अमरावती, अकोला, यवतमाल, वाशिम, वर्धा, नागपुर, भंडारा में तीव्र उष्ण लहर चल सकती है. इसलिए सभी को अलर्ट रहना होगा. पहले ही विदर्भ के सभी शहरों में तापमान 41 डिग्री को पार कर गया है. वहीं करीब 44 डिग्री के साथ अकोला देश में सबसे गर्म साबित हुआ है. पिछले माह भी अमरावती और अकोला ने गर्मी के 20 वर्षों के कीर्तिमान भंग करते हुए देश में सबसे हॉट स्थल होने का तमगा हासिल किया था. गर्मी के कारण लग रहा है कि, आसमान से मानो आग बरस रही है. ऐसे में चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर की तेज धूप में जहां तक हो सके बाहर न निकलने की चेतावनी दी है.
* क्या है मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि, तीन दिनों तक विदर्भ में खासकर अमरावती-अकोला में मौसम सूखा-सूखा रहेगा. तेज हीट वेव चलेगी. जिससे उष्माघात का खतरा बढने की आशंका है. विदर्भ में सभी ओर पारा 42 डिग्री को पार कर सकता है. वहीं अमरावती और अकोला के लिए तापमान 44 डिग्री के पास पहुंचने की आशंका भी जतायी गई. उल्लेखनीय है कि, अप्रैल में पश्चिम विदर्भ के सभी शहरों में तगडी हीट वेव चलती है. इस बार मार्च माह से ही पश्चिम विदर्भ तेज धूप में झुलस रहा है.
* अकोला की सबसे गर्म शहर के रूप में रिकॉर्ड
‘एल डोराडो’ नामक वेबसाइट दुनिया भर के तापमान का रिकॉर्ड रखती है और इस वेबसाइट पर अकोला को दुनिया का दूसरा सबसे गर्म शहर बताया गया है. तेज धूप और उमस के कारण लोग काफी परेशान हैं. मौसम विभाग ने अगले आठ दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जिससे इस हफ्ते तापमान 45 डिग्री के पार जाने की संभावना है. अप्रैल में ही तापमान 44 डिग्री तक पहुंच चुका है, ऐसे में मई में गर्मी कितनी बढ़ेगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है. इस साल गर्मी ज्यादा पड़ने की चेतावनी पहले ही दी जा चुकी है.
* इन तीन शहरों का भी शामिल
दुनिया के टॉप 10 गर्म शहरों में अकोला के साथ अमरावती, यवतमाल और वर्धा का भी शामिल है. अमरावती में 43.2 डिग्री, यवतमाल में 43.2 डिग्री, वर्धा में 43.1 डिग्री, वाशीम में 42.6 डिग्री और गडचिरोली में 42.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं नागपुर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.
* ऐसा रहा शहरों का तापमान
अकोला 44 डिग्री के आसपास होकर अधिकतम तापमान के मामले में देश में सबसे गर्म साबित हुआ है. वहीं अमरावती और वर्धा ठीक पीछे-पीछे चल रहे हैं. दोनों ही जिलों में अधिकतम पारा 43.2 डिग्री रहा. वाशिम 42.6, यवतमाल 43.2, गडचिरोली 42, बुलढाणा 41.5, चंद्रपुर और नागपुर 41.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री से नीचे न होने के कारण गर्मी का एहसास सर्वत्र तेज हो गया है. इतना ही नहीं प्रादेशिक मौसम विभाग नागपुर में कल के पारे में और उछाल आने की संभावना अगले तीन दिनों के लिए व्यक्त कर दी है. जिससे सभी सावधान हो गये हैं.
* बच्चे-बूढे हुए अलर्ट
तीन दिनों की हीट वेव के आसार को देखते हुए प्रशासन ने सभी को अलर्ट किया है. मौसम विभाग ने भी जारी चेतावनी में बच्चों और घर के वरिष्ठ का ध्यान रखने कहा है. उसी प्रकार धूप के समय बाहर निकलने से बचने, हलका भोजन करने, हलके रंगों के ढीले-ढाले वस्त्र पहनने एवं अधिकाधिक पानी पीने की सलाह दी है. उसी प्रकार उष्माघात की आशंका होते ही तुरंत डिहाइड्रेशन से बचाव के उपाय करने, चिकित्सा सलाह लेने का अनुरोध किया है. जिला अस्पतालों में उष्माघात के पीडितों हेतु खास वार्ड तैयार किये गये हैं.
* जनजीवन पर असर, सडकें सुनसान
गर्मी की मात्रा बढते ही सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है. दोपहर के समय सभी कालोनी और रास्ते सुनसान हो रहे हैं. लोग घरों में दुबकने मजबूर हो रहे हैं. चाय-कॉफी के स्थान पर अब लस्सी, मठ्ठा, छांछ की मनवार की जा रही है. रसीलें फलों खरबूज, तरबूज को पसंद किया जा रहा है. हर कोई इन्हीं फलों से आदरातिथ्य करता दिखाई पड रहा है.
* विदर्भ के शहरों का अधिकतम पारा
अकोला             43.8
अमरावती          43.2
यवतमाल           43.2
वाशिम              42.6
वर्धा                 43.1
बुलढाणा          41.5
नागपुर            41.4
गोंदिया           40.5
चंद्रपुर           41.4
गडचिरोली     42.0

Back to top button