अक्षय तृतीया उपलक्ष्य 7 किलो की बुकिंग

रविवार को खुला रहेगा सराफा बाजार

* सोने और चांदी आभूषणों की भी मुहूर्त खरीदी
* मार्केट में उत्साह, कारीगर जुटे गहने गढने में
अमरावती/दि.15 – अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त के कारण सराफा बाजार में सोने और चांदी के दामों में उतार-चढाव के बावजूद ग्राहकी खुलती लग रही है. मोटे तौर पर 7 किलो सोने के बांट, कैडबरी की बुकिंग होने की जानकारी मार्केट सूत्रों ने अमरावती मंडल से चर्चा दौरान दी और बताया कि, आभूषण जोड ले तो यह मात्रा निश्चित ही बढने वाली है. वैवाहिक सीजन चल रहा है. उसकी रेगुलर ग्राहकी बाजार में सभी प्रमुख शोरुम और छोटे-बडे स्वर्णकारों के यहां हो रही है. सराफा व्यापारी एसो. के अध्यक्ष राजेंद्र भंसाली ने बताया कि, त्यौहार होने से रविवार के बावजूद 19 अप्रैल को सराफा मार्केट पूरे समय शुरु रहेगा, ऐसा लगता है. उन्होंने भी स्वीकार किया कि, लोगों में अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी खरीदने का ट्रेंड कायम होने से अच्छी बिक्री की संभावना व्यक्त की.
* प्रमुख शोरुम में हुई बुकिंग
शहर के प्रमुख ज्वेलरी शोरुम कुबडे सराफ, एकता ज्वेलर्स, कोठारी ज्वेलर्स, त्रिमूर्ति ज्वेलर्स, महालक्ष्मी ज्वेलर्स, पावा गाडगिल, करण कोठारी ज्वेलर्स, खंडेलवाल मीनाक्षी ज्वेलर्स, माधुरी ज्वेलर्स, बजरंगलाल छोटेलाल वर्मा, एपी सिल्वर सभी प्रमुख फर्म में अक्षय तृतीया की काफी बुकिंग हुई है. चांदी के बांट और सोना टुकडा में यह बुकिंग रहने की जानकारी देते हुए मार्केट सूत्र बताते हैं कि, सभी के अपने-अपने रेट चल रहे हैं. दो दिनों से दोनों ही कीमती धातुओं सोने और चांदी में ग्राहकी बढ गई है. भाव में भी तेजी बनी हुई है.
* आभूषणों की खरीदारी जमकर
शादी का सीजन रहने से गहनों की खरीदारी अच्छे प्रमाण में हो रही है. एक प्रमुख ज्वेलर ने बताया कि, सोना आज भी बचत का सर्वश्रेष्ठ साधन बना हुआ है. इसलिए सोने के ग्राहक बारह मास रहते हैं. रेट में तेजी मंदी के बावजूद अभी चल रहे शादी सीजन की ग्राहकी कायम है. उसी प्रकार आखा तीज अर्थात अक्षय तृतीया की भी ग्राहकी और बुकिंग अच्छे प्रमाण में हो रही है. चांदी 2.50 लाख रुपए प्रति किलो और सोना 1 लाख 52 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम रेट चल रहे हैं. निश्चित ही शिखर से दोनों धातुओं के रेट तुलना में कम हुए हैं. फिर भी स्वर्ण खरीददारों का रुझान बना हुआ है. इन दिनों चांदी यूटेनसिल की खरीददारी का ट्रेंड बढा है. त्रिमूर्ति ज्वेलर्स के संचालक अमित सोनी ने बताया कि, दोनों ही सोना हो या चांदी की अच्छी बुकिंग और विक्री हो रही है. अक्षय तृतीया वर्ष में एक बार आती है. यह मुहूर्त सभी साध्य करना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि, आखा तीज पर घर-मकान, सोना-चांदी की खरीदी समृद्धिकारक मानी जाती है. परंपरा के अनुसार लोग सोना-चांदी खरीदते हैं. उन्होंने मात्रा बताने में असमर्थता जतायी और कहा कि, अच्छी विक्री की आशा है.

Back to top button