1 हजार टूव्हीलर्स और 200 फोरव्हीलर्स की डिलेवरी

वाहन मार्केट में अक्षय तृतीया की बुकिंग अपेक्षा से अधिक

* इलेक्ट्रीक वाहनों पर भी जोर, इंधन किल्लत का असर नहीं
अमरावती/ दि. 15- आगामी रविवार 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया का अबूझ मुहूर्त होने से सराफा के साथ- साथ प्लॉट, फ्लैट और वाहन तथा घरेलू उपकरणों की विक्री की उम्मीद अपेक्षा से अधिक होती नजर आ रही है. वाहन मार्केट में काफी प्रमाण में दुपहिया और चार पहिया वाहनों की बुकिंग होने की जानकारी प्रमुख कंपनियों के अमरावती डीलर्स ने दी. उन्होंने बताया केवल शहर में ही करीब 800- 1000 दुपहिया तथा 180-200 फोरव्हीलर्स की डिलेवरी कस्टमर आगामी रविवार को शुभ मुहूर्त में लेनेवाले हैं. अभी तीन दिनों का समय शेष है. ऐसे में बुकिंग और डिलेवरी का आंकडा निश्चित ही बढनेवाला है. वाहन निर्माता कंपनिया ऐसे मुहूर्त वाले दिनों की प्रतीक्षा में होती है. मुहूर्त करीब आते- आते बुकिंग के लिए सभी प्राण पण से भिड जाते हैं.
मुहूर्त के प्रति रूझान
भारतीयों में आज भी मुहूर्त के प्रति न केवल सामान्य से लेकर वीआईपी तक सभी का रूझान रहता आया है. पंडितों ने भी रविवार के अक्षय तृतीया के मुहूर्त का खुलासा किया है. उन्होंने रविवार की खरीदारी को समृध्दिकारक बतलाया है. ऐसे में ऑटो मोबाइल सेक्टर में भी चैतन्य दिखाई दे रहा है. शहर के स्टेशन रोड से लेकर बडनेरा रोड और गाडगे नगर तथा वलगांव रोड के वाहन शोरूम में बुकिंग के लिए लोग उमड रहे हैं. ग्राहक मन पसंद और जरूरत के अनुसार दुपहिया खरीद रहे हैं. डिलेवरी रविवार को ली जायेगी.
14 शोरूम, सभी जगह ग्राहकी
अमरावती मंडल ने ऑटो सेक्टर के प्रमुख लोगों से चर्चा की तो बताया गया कि मोटे तौर पर शहर में 14 अग्रणी कंपनियों के वाहन डीलर्स और उनके शोरूम हैं. मारूति, नेक्सा, कीया, हुंडाई, टोयोटा, होंडा, टीवीएस, रॉयल एनफिल्ड, सुजुकी के अतिरिक्त इलेक्ट्रीक वाहनों के भी शोरूम शामिल है. सभी शोरूम मिलाकर करीब 1 हजार दुपहिया बुक हुए हैं. रविवार अक्षय तृतीया पर डिलेवरी लेंगे. उसी प्रकार कारों की बात करें तो 180-200 के करीब फोरव्हीलर्स की बुकिंग हुई है. आनेवाले दिनों में और बुकिंग हो सकती है. निश्चित ही आंकडा बढेगा. * इलेक्ट्रीक वाहनों की विक्री
शहर के प्रमुख डीलर्स के मुताबिक इलेक्ट्रीक वाहनों का रूझान बढा है. इलेक्ट्रीक पर चलनेवाली कारें मार्केट में आने से अमरावती में कम से कम दो दर्जन इलेक्ट्रीक कारों की डिलेवरी अक्षय तृतीया पर हो सकती हैं. वहीं दुपहिया भी इलेक्ट्रीक में पंसद किए जा रहे है. खाडी युध्द के कारण कच्चे तेल के दाम बढने की आशंका के कारण अमरावती वासियों का भी ट्रेंड बिजली पर चलनेवाली बैटरी दुपहिया भी खूब बिक्री होने की पूरी आशा बाजार को हैं.
मुहूर्त का आकर्षण खूब
शहर के प्रमुख वाहन डीलर जेपीएस ग्रुप के श्रवण पवन गट्टानी ने बताया कि गुढी पाडवा के बाद अक्षय तृतीया का बडा मुहूर्त है. लोग परंपरा के अनुसार मुहूर्त में वाहन खरीदी पसंद कर रहे हैं. निश्चित ही रविवार को अमरावती का ऑटो सेक्टर आम दिनों की तरह खुला रहेगा और सैकडों वाहनों की डिलेवरी उस दिन होनेवाली है.

Back to top button