अचलपुर लैंगिक शोषण मामले में एसआईटी जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

* सांसद बलवंत वानखडे, पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर समेत कांग्रेस नेताओं ने की एसपी से गहन चर्चा
अमरावती/ दि. 15- अचलपुर (परतवाड़ा) में युवतियों के साथ कथित लैंगिक शोषण और उसका आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के गंभीर मामले को लेकर कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाया है. आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर आज कांग्रेस नेताओं ने सांसद बलवंत वानखडे, पूर्व मंत्री एड. यशोमति ठाकुर, पूर्व विधायक प्रा. विरेंद्र जगताप, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख के नेतृत्व में जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद को ज्ञापन सौंपा.
कांग्रेस नेताओं ने अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद और अमरावती विभाग के विशेष पुलिस महानिरीक्षक रामनाथ पोकले से मुलाकात कर मामले की गंभीरता से जांच की मांग की. नेताओं ने मांग की कि इस प्रकरण की जांच विशेष जांच दल के माध्यम से की जाए और मुख्य आरोपी के साथ-साथ उसके सभी सहयोगियों पर भी मकोका सहित कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए. प्रतिनिधिमंडल में वीरेंद्र जगताप, विलास इंगोले, मिलिंद चिमोटे, बबलू शेखावत और अनिल अग्रवाल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद थे. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अचलपुर की यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन छेड़ेगी. पुलिस प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कदम उठाए जाएंगे और जांच में तेजी लाई जाएगी.





