होटल, लॉज व किराए के कमरों पर अयान ने किए लाखों रुपए खर्च
अचलपुर, परतवाडा, चिखलदरा व अमरावती के होटलों का किया इस्तेमाल

* बडी-बडी लक्जरी गाडियों में घूमने के साथ ही हाईप्रोफाईल जिंदगी जिया करता था अयान अहमद
* सामान्य परिवार से वास्ता रखनेवाले अयान के पास आनेवाले पैसों का स्त्रोत खंगाल रही पुलिस
अमरावती/दि.16 – सोशल मीडिया सहित आपसी जान-पहचान के जरिए अपने परिचय और संपर्क में आनेवाली युवतियों को अपने प्रेमजाल में फांसने के साथ ही उन्हें बहला-फुसलाकर उनका यौन शोषण करने तथा उनके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो निकालकर उन्हें ब्लैकमेल करने के साथ ही ऐसे फोटो व वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में नामजद व गिरफ्तार अयान अहमद तनवीर अहमद के बारे में अब यह जानकारी भी निकलकर सामने आ रही है कि, वह अपनी पारिवारिक हैसियत व आर्थिक स्थिति की तुलना में कहीं अधिक हाईप्रोफाईल जिंदगी जिया करता था. साथ ही उसने अपने जाल में फंसनेवाली लडकियों के साथ अय्याशियां करने के लिए कई होटलों व लॉज में किराए के कमरे लेते हुए लाखों रुपए के बिल भी अदा किए. इसके अलावा वह कई महंगी और बडी आलिशान गाडियों को भी किराए पर लेकर घूमा करता था और अपनी इसी चमक-दमक के जरिए अपने जाल में फंसनेवाली लडकियों सहित अपने संपर्क में आनेवाले लोगों को इम्प्रेस किया करता था.
इस मामले की जांच-पडताल के दौरान पता चला है कि, अयान अहमद द्वारा अपनी अय्याशियों के लिए अक्सर ही परतवाडा, अचलपुर व चिखलदरा सहित अमरावती शहर में स्थित महंगे-महंगे होटलों व लॉज में किराए पर कमरे लिए जाते थे. जहां पर वह अपने साथ कई नाबालिग लडकियों को ले जाकर उनका यौन शोषण किया करता था और इस काम के लिए विगत डेढ-दो साल के दौरान उसने लाखों रुपए का बिल अलग-अलग होटलों व लॉज में अदा किया. इसके साथ ही वह अक्सर किराए पर ली गई कई बडी व आलिशान गाडियों में भी घूमा करता था. साथ ही साथ वह अपने-आप को आकर्षक व गोरा-चिकटा दिखाने के लिए अपनी ‘बॉडी ग्रृमिंग’ पर भी अच्छा-खासा पैसा खर्च किया करता था.
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि, अयान अहमद अक्सर ही परतवाडा शहर में आयोजित होनेवाले अलग-अलग तरह के इवेंट में भी बढ-चढकर हिस्सा लिया करता था और उसका अंदाज किसी सेलिब्रिटी की तरह रहता था. ऐसे में अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि, आखिर एक आम परिवार से वास्ता रखनेवाले अयान अहमद के पास आलिशान जिंदगी जीने और अपनी अय्याशियों पर खर्च करने के लिए इतने बडे पैमाने पर पैसा कहां से आता था और उसकी आय का स्त्रोत क्या था.
पुलिस को संदेह है कि, संभवत: अयान अहमद ने युवतियों का यौन शोषण कर उन्हें ब्लैकमेल करने को ही जमकर पैसा कमाने का साधन बना लिया था और अपनी इसी काली कमाई को वह अपनी अय्याशियों पर दोनों हाथों से खुलकर उडाया करता था. ऐसे में पुलिस अब इस बात का भी पता लगा रही है कि, अयान अहमद ने किन-किन जरियों से इतना पैसा कमाया. साथ ही उन्हें कहां-कहां पर खर्च किया. साथ ही साथ पुलिस अब उन होटलों व लॉज को भी अपनी जांच के दायरे में लेने जा रही है. जहां पर अयान अहमद ने अपने जाल में फंसी युवतियों का यौन शोषण करने के लिए कमरे किराए पर लिए थे. साथ ही साथ इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि, होटलों व लॉज के अलावा अयान अहमद ने अपने किन-किन परिचितों के यहां आपसी जान-पहचान का फायदा उठाते हुए युवतियों के यौन शोषण के लिए कमरे किराए पर लिए थे और इसकी ऐवज में संबंधितों को कब-कब कितने रुपयों का भुगतान किया गया था.





