जात-धर्म की राजनीति करके दंगे भड़काने की कोशिश!
परतवाड़ा मामले पर पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर का भाजपा पर हमला

अमरावती/दि.16 – परतवाड़ा में लड़कियों के लैंगिक शोषण और आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने की घटना से अमरावती जिले में गुस्से की लहर है. इस मामले को लेकर अब राजनीति भी गरमा गई है और पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर ने सत्ताधारी भाजपा पर ‘दंगे भड़काने की कोशिश’ करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है.
पत्रकारों से बात करते हुए यशोमति ठाकुर ने कहा कि, अमरावती में जो हुआ वह बेहद घृणास्पद है. इस घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है. किसी भी संवेदनशील व्यक्ति को इस घटना पर गुस्सा और आक्रोश आएगा ही. लेकिन पीड़ित महिला केवल पीड़ित होती है, उसकी कोई जात या धर्म नहीं होता. अपराधी को सजा मिलनी ही चाहिए, लेकिन उसका राजनीतिक फायदा उठाकर समाज में तनाव पैदा करना गलत है.
* भाजपा पर गंभीर आरोप
यशोमति ठाकुर ने सीधे भाजपा को निशाने पर लेते हुए पूछा कि, लोगों को उकसाकर और जाति-धर्म की राजनीति करके क्या भाजपा वहां दंगे भड़काना चाहती है? अपराधी पर कड़ी कार्रवाई करने के बजाय समाज में दरार पैदा करना भी एक तरह का अपराध है. फिर ऐसे मामलों में केस क्यों दर्ज नहीं होते?
* सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश?
एक तरफ लड़कियों की सुरक्षा का मुद्दा गंभीर बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ इस मामले को धार्मिक रंग देकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है, ऐसा दावा यशोमति ठाकुर ने किया. उन्होंने प्रशासन से अपील की कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, लेकिन किसी भी हालत में अमरावती का सामाजिक सौहार्द बिगड़ने न दिया जाए.





