अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त डॉ. उलका नातु चिखलदरा आएगी
15 व 16 को होगा निसर्गोपचार सम्मेलन

अमरावती/दि.23– स्थानीय श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल की ओर से चिखलदरा में 15 व 16 मई को भव्य राष्ट्रीय योग व निसर्गोपचार सम्मेलन मंडल के योग केंद्र में किया जा रहा है तथा मार्गदर्शन के लिए ठाणे की घंटाली योग केंद्र की प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ डॉ. उलका नातु ने आने के संबंध में आयोजकों को स्वीकृति दी है.
मंडल के प्रधान सचिव प्रभाकरराव वैद्य के आशीर्वाद से 15 व 16 को चिखलदरा में ग्रीष्मकालीन योग शिविर के सुवर्ण महोत्सवी वर्ष प्रित्यर्थ राष्ट्रीय योग सम्मेलन व पूर्व विद्यार्थियों के सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. इस निसर्गोपचार सम्मेलन में डॉ. उलका नातु के साथ ही नागपुर की निसर्गोपचार विशेषज्ञ डॉ. श्रध्दा लोहिया, परभणी की योग व मार्गदर्शिका डॉ. चारुशिला जवादे, छत्रपति संभाजी नगर के योग विशेषज्ञ डॉ. उत्तमराव तालवाने भी मार्गदर्शन करेंगे.
पिछले 50 वर्षों से मंडल की ओर से प्रतिवर्ष 11 मई से 31 मई की शिविर कालावधि में योग व निसर्गोपचार आयोजित किया जाता है तथा अभी तक 30 हजार लड़के-लडकियों, प्रौढ स्त्री-पुरुष, व्याधिग्रस्तों ने शिविर का लाभ उठाया है. जिनमें विद्यार्थी, शिक्षक, प्राध्यापक, डॉक्टर, किसान, व्यापारी, नेता आदि का समावेश रहा है. शासन द्वारा लीज पर दी गई जगह पर मंडल ने योग केंद्र विकसित किया तथा लगभग 270 विद्यार्थी उस जगह पर रह सकते है. सम्मेलन के पहले 11 मई से प्रतिवर्षानुसार योग शिविर शुरू होगा तथा इसके लिए प्रवेश देना शुरू है. प्रवेश के संबंध में आयोजक प्राचार्य डॉ. अरुण खोडस्कर, डॉ. प्रवीण अनासाने, डॉ. नितिन काले, प्रा. संदीप मांदले से संपर्क करने का आवाहन मंडल की ओर से किया गया है.





