जि.प. स्कूल की शिक्षिका के खिलाफ शिकायत, कार्रवाई की मांग

नांदगांव पेठ /दि.23 – यहां के जिला परिषद प्राथमिक लड़कों के स्कूल की एक शिक्षिका के खिलाफ पूर्व छात्र संघ और स्कूल प्रबंधन समिति ने गंभीर शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल उनका तबादला करने की मांग की है. मानसिक बीमारी से ग्रस्त इस शिक्षिका का इलाज चल रहा है और उनके कारण विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य खतरे में आ गया है. इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निवेदन दिया गया है और तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है.
निवेदन में उल्लेख के अनुसार, संबंधित शिक्षिका पिछले 8 से 9 वर्षों से स्कूल में कार्यरत हैं और उनकी कार्यप्रणाली के कारण विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, ऐसा आरोप लगाया गया है. साथ ही, स्कूल का कुल शैक्षणिक वातावरण बिगड़ रहा है और छात्र संख्या में कमी आ रही है, यह बात भी सामने आई है. इससे 160 वर्ष पुराना यह स्कूल बंद होने की कगार पर होने की आशंका व्यक्त की गई है.
उक्त स्कूल में कक्षा 1 से 5 तक कक्षाएं हैं और केवल चार शिक्षक कार्यरत हैं. उनमें से एक शिक्षक मुख्याध्यापक पद का अतिरिक्त प्रभार तथा बी.एल.ओ. का काम देख रहे हैं, एक शिक्षिका दिव्यांग हैं और एक अन्य शिक्षक सितंबर 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं. ऐसी स्थिति में स्कूल के प्रबंधन पर दबाव बढ़ रहा है और विद्यार्थियों का शैक्षणिक नुकसान हो रहा है, ऐसा निवेदन में कहा गया है.
शिकायतकर्ताओं ने संबंधित शिक्षिका को आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इस स्कूल में न रखते हुए अन्यत्र तबादला करने की मांग की है. साथ ही उनकी जगह सक्षम और स्थायी शिक्षक नियुक्त किया जाए, ऐसी भी मांग की गई है. इस दौरान, इस प्रकरण में ग्रामसभा का प्रस्ताव और पूर्व छात्र संघ का प्रस्ताव तथा शिक्षिका के खिलाफ पहले की गई शिकायत भी प्रस्तुत की गई है और निवेदन पर तुरंत ध्यान देने की मांग की गई है.
इस समय निवेदन देते हुए पूर्व छात्र संगठन के अध्यक्ष उदयसिंह चंदेल, अविनाश यावले, पूर्व जि. प. सदस्य नितीन हटवार, संतोष शेंदरकर, विनोद गभणे, भैया इंगोले, मोरेश्वर मानेकर, मधु बारस्कर आदि उपस्थित थे.





