शराब पीते समय हुए विवाद में युवक की हत्या का प्रयास
युवकों के गिरोह ने घर में घुसकर भारी तोडफोड कर किया हमला

* परतवाडा के पेंशनपुरा की घटना, 9 आरोपियों के खिलाफ संगीन मामले दर्ज
अमरावती/दि.27 – बार में बैठकर शराब पीते समय उपजे विवाद के चलते एक 23 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया. युवकों के गिरोह ने जख्मी युवक के घर में घुसकर भारी तोडफोड भी की. यह सनसनीखेज घटना परतवाडा शहर के पेंशनपुरा परिसर में घटित हुई. जख्मी युवक की मां की शिकायत पर परतवाडा पुलिस ने 9 युवकों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. जख्मी युवक का नाम रवि बुंदेले (23) है. जबकि आरोपियों के नाम सोनू नंदवंशी (24), भविष्य सुरटे (23), संकेत मिसालकर (25), अंकुश नंदवंशी (25), अनु अहीर (27), शुभम उर्फ बम नंदवंशी (35), रोहित परिवाले (27), कार्तिक धोटे (24) और राहुल दंडारे (32) है.
जानकारी के मुताबिक रवि बुंदेले और आरोपी सोनू नंदवंशी परतवाडा शहर के अंजनगांव रोड स्थित बाहुबली बार में शनिवार 25 अप्रैल की रात शराब पीते हुए बैठे थे. नशे में दोनों के बीच मौखिक विवाद हो गया. इस बात पर से संतप्त होकर सोनू नंदवंशी ने अपने अन्य 8 साथियों को वहां बुलाकर रवि बुंदेले के साथ जमकर मारपीट की. पश्चात शुभम नंदवंशी यह पेंशनपुरा परिसर में रवि बुंदेले को ले गया और घर के सामने ले जाकर उसके साथियों ने रवि के साथ जमकर मारपीट की और घर में घुसकर सोनू नंदवंशी ने चाकू से उस पर हमला कर दिया. अन्य आरोपियों ने लोहे के रॉड से उसे बेदम पीटा. जख्मी की मां बीच-बचाव करने गई, तब सोनू ने उसके साथ अश्लील गालीगलौज कर मारपीट की. साथ ही घर के सामान की तोडफोड कर वहां से दहशत मचाते हुए चले गये. हमलावर युवकों के वहां से भागने के बाद रवि बुंदेले को अचलपुर के उपजिला अस्पताल में भर्ती किया गया. हालत गंभीर रहने से उसे अमरावती जिला अस्पताल रेफर किया गया. जख्मी की मां की शिकायत पर परतवाडा पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1), 115 (2), 118 (1), 189 (2), 189 (4), 191 (2), 191 (3), 296, 324 (2), 333, 351 (2), 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





