लंबे समय तक बैठना सिगरेट जितना खतरनाक

विशेषज्ञों की चेतावनी, बदलती लाइफस्टाइल से बढ़ रहा बीमारियों का खतरा

अमरावती/दि.2– आज की बदलती लाइफस्टाइल में घंटों तक एक ही जगह पर बैठे रहना सेहत के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक लगातार बैठना, स्मोकिंग जितना या उससे भी अधिक नुकसानदायक साबित हो सकता है.
ऑफिस वर्क, वर्क फ्रॉम होम और मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल के कारण लोगों की शारीरिक गतिविधि काफी कम हो गई है. लगातार बैठकर काम करने से शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है, जिससे फैट बर्न होने की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है.

* बीमारियों का बढ़ता खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, सुस्त जीवनशैली के कारण हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और दिल की बीमारी जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. कुछ अध्ययनों में लंबे समय तक बैठने को कैंसर के जोखिम से भी जोड़ा गया है.

* समय से पहले मौत का खतरा
शोध बताते हैं कि जो लोग लंबे समय तक बैठे रहते हैं, उनमें समय से पहले मृत्यु की संभावना अधिक होती है. इसका मुख्य कारण शारीरिक निष्क्रियता और उससे जुड़ी बीमारियां हैं.

* युवाओं पर भी असर
अब इसका असर युवाओं में भी देखने को मिल रहा है. थकान, मांसपेशियों में कमजोरी और त्वचा पर असर जैसे लक्षण कम उम्र में ही दिखाई देने लगे हैं, जिससे समय से पहले बुढ़ापे के संकेत मिल रहे हैं.

* क्या करें?
– विशेषज्ञों ने इससे बचाव के लिए कुछ आसान उपाय सुझाए हैं-
– हर 30-45 मिनट में उठकर थोड़ी देर टहलें
– रोज कम से कम 30 मिनट व्यायाम करें
– लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का उपयोग करें
– स्क्रीन टाइम कम रखें

* चलना-फिरना जरुरी
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अक्षय धोरे के अनुसार, लंबे समय तक बैठने से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ता है, इसलिए बीच-बीच में चलना-फिरना जरूरी है. वहीं, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश खरात ने बताया कि लगातार बैठे रहने से रीढ़ की हड्डी पर दबाव बढ़ता है, जिससे पीठ दर्द और स्लिप डिस्क जैसी समस्याएं हो सकती हैं. नियमित व्यायाम और शरीर को सक्रिय रखना बेहद जरूरी है. स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी है कि हम अपनी दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलाव करें और लंबे समय तक लगातार बैठने से बचें.

Back to top button