गोंदिया-कोहमारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर विचित्र हादसा

पलटे ट्रक को ट्रैवल्स ने मारी टक्कर, एक की मौत

गोंदिया/दि.12 – गोंदिया-कोहमारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जानाटोला परिसर में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से 12 यात्री घायल हो गए. सड़क के बीचोंबीच पलटे ट्रक का अंदाजा न लगने के कारण तेज रफ्तार ट्रैवल्स ने उस ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी और उसके बाद ट्रैवल्स सड़क किनारे जाकर पलट गई. तड़के के धुंधले प्रकाश और लापरवाही की वजह से हुई इस दुर्घटना ने हाईवे की सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं.
फुलेल खिरवार (उम्र 30, निवासी जिला खैरागढ़, छत्तीसगढ़) मृत यात्री का नाम है. हादसे में घायल यात्रियों का इलाज गोंदिया के सरकारी और निजी अस्पतालों में चल रहा है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, तड़के कोहमारा मार्ग से गुजर रहे एक मालवाहक ट्रक का चालक नियंत्रण खो बैठा. जिसके कारण गोरेगांव शहर के पास जानाटोला परिसर में पेट्रोल पंप के सामने ट्रक सड़क के बीचोंबीच पलट गया. उस स्थान पर यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा तुरंत बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे, ऐसी जानकारी सामने आई है.
इस बीच, एक निजी ट्रैवल्स उसी समय उसी मार्ग से गुजर रही थी. तड़के का धुंधला वातावरण, सामने अचानक पलटा हुआ ट्रक और किसी भी प्रकार की चेतावनी न होने के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका. ट्रैवल्स ने ट्रक को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे की आवाज इतनी भयानक थी कि इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया.

Back to top button