निराश्रित वृद्ध का पुनर्वसन कर दिया सहारा
एक हाथ मदद का

* जानकारी मिलते ही आधार केंद्र के कर्मचारी पहुंचे सहायता के लिए
अमरावती/दि.19– अमरावती महानगरपालिका के अभिनव उपक्रम एक हाथ मदद का के तहत प्रभात चौक क्षेत्र में एक निराश्रित वृद्ध का पुनर्वसन कर मानवता की मिसाल पेश की गई.
जानकारी के अनुसार, प्रभात टॉकीज के पास मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे 46 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी में एक वृद्ध सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े हुए थे. स्थानीय व्यवसायी ने तुरंत आधार केंद्र को फोन कर स्थिति की जानकारी दी और बताया कि वृद्ध की हालत बेहद नाजुक है.
सूचना मिलते ही आधार केंद्र की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वृद्ध को सुरक्षित रूप से केंद्र में लाया गया. केंद्र में लाने के बाद जो स्थिति सामने आई, वह बेहद भावुक करने वाली थी. बताया गया कि वृद्ध ने संभवतः कई वर्षों से स्नान नहीं किया था और उनके शरीर पर काफी गंदगी जमी हुई थी.
आधार केंद्र के संचालक राजीव बसवनाथे, व्यवस्थापक ज्योति राठोड़ तथा देखभालकर्ता रोहित घोंगड़े ने बिना किसी संकोच के वृद्ध को स्नान कराया, स्वच्छ कपड़े पहनाए और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई. उपचार और देखभाल के बाद वृद्ध अब स्वच्छ, तनावमुक्त और प्रसन्न दिखाई दे रहे हैं. इस पहल के माध्यम से आधार केंद्र ने एक बार फिर मानवता और सेवा भाव का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया है. यह उपक्रम अमरावती महानगरपालिका तथा पब्लिक एज्युकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जा रहा है.





